डीडीहाट (पिथौरागढ़)। नगर में किताब कौतिक का रंगारंग आगाज हुआ। शुभारंभ पर कई स्कूलों के छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम पेश किए। कार्यक्रमों का आनंद लेने दर्शकों की भीड़ जुटी रही। 50 हजार प्रकाशकों की पुस्तकें कौतिक का मुख्य आकर्षण हैं।
रामलीला मैदान में क्रिएटिव उत्तराखंड म्योर पहाड़, नगर पालिका और यूथ सोसाइटी के सहयोग से आयोजित किताब कौतिक का शुभारंभ पालिकाध्यक्ष गिरीश चुफाल ने किया। उन्होंने कहा कि किताबों से अच्छा दोस्त कोई नहीं होता। मोबाइल के युग में लोगों ने किताबों को पढ़ना छोड़ दिया है। ऐसे में यह किताब कौतिक लोगों के साथ ही बच्चों को पुस्तकों से दोस्ती करने के लिए प्रेरित करेगा। किताब कौतिक में 50 हजार से अधिक प्रकाशकों की किताबों के स्टॉल लगे । इन पुस्तकों को खरीदने में लोगों ने खासी दिलचस्पी दिखाई।
रंगकर्मी ललित पोखरिया ने कौतिक में पहुंचे बच्चों को रंगमंच की बारीकियां बताईं। किताब कौतिक में रिपलिंग, पैराग्लाइडिंग आदि साहसिक खेलों का भी आयोजन किया जा रहा है। पहले दिन एक पैराग्लाइडर ने गंगोलीहाट से डीडीहाट तक उड़ान भरी। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि केरल पुलिस के पूर्व डीजीपी केएस जंगपांगी, डीएस पांगती, पीएस पांगती, हेम पंत, दयाल पांडे, डॉ. देव सिंह पोखरिया, तरुण मेहरा, शंकर सिंह, संजय पंत, प्रकाश बोरा, ललित भंडारी आदि मौजूद रहे।