पिथौरागढ़। उत्तराखंड बोर्ड की परीक्षाओं का आगाज हो गया है। पहले दिन इंटर हिंदी विषय की परीक्षा हुई। सीमांत जिले में पंजीकृत 4842 के सापेक्ष 4778 परीक्षार्थी परीक्षा में शामिल हुए जबकि 64 ने इससे किनारा किया। राष्ट्रभाषा हिंदी का ज्ञान विद्यार्थियों के काम आया जबकि राज्यभाषा संस्कृत के सवालों ने उन्हें उलझाया।
सीमांत जिले में पहले दिन 85 परीक्षा केंद्रों में इंटर हिंदी विषय की परीक्षा हुई। उत्साह के साथ 4778 परीक्षार्थी परीक्षा देने केंद्र पहुंचे। विभाग के मुताबिक पहले दिन 64 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी। सभी केंद्रों में कड़ी सुरक्षा के बीच परीक्षा हुई। सचल दल ने हर परीक्षा केंद्र में परीक्षार्थियों की जांच की। सीईओ हरक राम कोहली ने कहा कि जांच में कोई भी परीक्षार्थी नकल करते हुए नहीं पकड़ा गया। पहला प्रश्न पत्र सरल आने से परीक्षार्थियों के चेहरे खिल उठे। अधिकतर परीक्षार्थियों ने बताया कि हिंदी के सभी सवालों के जवाब दिए। संस्कृत के कुछ सवालों का जवाब नहीं आने से इन्हें छोड़ना पड़ा। किसी ने 75 तो किसी ने 70 प्रतिशत अंक पाने की बात कही।