बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना करते हरीश धामी
- फोटो : अमर उजाला
मदकोट से देहरादून के लिए मंगलवार से रोडवेज की सीधी बस सेवा शुरू हो गई है। रोडवेज ने राज्य गठन के बाद जिले के सभी छोटे कस्बों और नगरों से अपनी सेवाओं को बंद कर दिया था, लेकिन मदकोट से बस सेवा शुरू होने के बाद लोगों को उम्मीद है कि आने वाले समय में कुछ अन्य कस्बे बस सेवा से जुड़ जाएंगे। वन विकास निगम के अध्यक्ष हरीश धामी ने हरी झंडी दिखाकर बस को रवाना किया। मदकोट रोड पर पहली बार रोडवेज की बस चल रही है।
रोडवेज के अधिकारियों ने बताया कि यह बस सुबह छह बजे मदकोट से चलकर मुनस्यारी, थल, बेड़ीनाग, सेराघाट, अल्मोड़ा, हल्द्वानी होते हुए देहरादून को जाएगी, जबकि देहरादून से रोज अपरान्ह चार बजे चलकर यह बस पहले पिथौरागढ़ आएगी, फिर पिथौरागढ़ से ओगला, जौलजीबी होते हुए शाम को एक चक्कर मुनस्यारी का लगाने के बाद रात में मदकोट रुकेगी।
बसों का रूट चार्ट इस तरह तैयार किया गया है कि देहरादून से मदकोट पहुंचने वाली बस अगले दिन पिथौरागढ़ जाएगी, जबकि देहरादून जाने के लिए एक अन्य बस पहले से ही यहां पर मौजूद रहेगी। बस सेवा शुरू करते समय ब्लॉक प्रमुख नरेंद्र रावत, प्रधान संगठन के अध्यक्ष हरीश उप्रेती, रोडवेज कर्मचारी मोहन भंडारी, चंद्रशेखर पांडे, दीपक मेहरा, राजेंद्र बिष्ट आदि मौजूद थे।