राजमती देवी,धारचूला में हमले में घायल महिला दुकानदार।
- फोटो : PITHORAGARH
धारचूला(पिथौरागढ़)। धारचूला के गर्ब्याल खेड़ा में दो नशेड़ी युवकों ने एक दुकान में घुसकर महिला दुकानदार पर हमला कर दिया। महिला दुकानदार को घायल करने के बाद हमलावर गल्ले में रखे रुपये निकालकर फरार हो गए। इस मामले में घायल महिला के परिजनों ने धारचूला कोतवाली में तहरीर सौंपी है।
महिला दुकानदार राजमती देवी (28) की गर्ब्याल खेड़ा में दुकान है। रविवार को समान खरीदने के बहाने दो युवक उनकी दुकान पर पहुंचे और चॉकलेट व चिप्स देने के लिए कहा। जैसे ही राजमती सामान निकालने लगी एक युवक ने उनको दबोच लिया और दूसरे ने भीतर से शटर बंद कर दिया। विरोध करने पर युवकों ने महिला का सिर दुकान में रखे सिलिंडर पर पटक दिया, जिससे महिला घायल हो गई। दूसरे युवक ने गल्ले में रखे रुपये निकाले और फरार हो गए। महिला दुकानदार की चीख सुनकर मौके पर पहुंचे आसपास के लोगों ने घायल महिला दुकानदार को सीएचसी धारचूला पहुंचाया। उसके सिर पर तीन टांके लगे। दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात की जानकारी मिलने पर पुलिस टीम कोतवाल श्याम लाल विश्वकर्मा के नेतृत्व में घटना स्थल पहुंची और मौका मुआयना किया। घायल महिला के परिजनों ने पुलिस को तहरीर सौंपी है। कोतवाल ने बताया कि मामले की जांच चल रही है हमलावरों को शीघ्र गिरफ्तार कर लिया जाएगा।