लाइटिंग से जगमग घाट पुल। स्रोत: सूचना विभाग
पिथौरागढ़। सीमांत जिले की लाइफ लाइन कहे जाने वाले पिथौरागढ़-घाट राष्ट्रीय राजमार्ग की स्थिति पर बरसात में ड्रोन से नजर रखी जाएगी। इसके अलावा घाट पुल से लेकर दिल्ली बैंड तक का क्षेत्र रात के समय बिजली से जगमग रहेगा। बरसात में घाट से दिल्ली बैंड तक सड़क बार-बार बंद होती रहती है। अधिक बारिश होने पर सड़क की स्थिति का पता करने के लिए पुलिस जवानों को बार-बार आना जाना पड़ता है। इस क्षेत्र में जगह-जगह पत्थर गिरने का भी खतरा रहता है। इसे देखते हुए जिलाधिकारी विनोद गोस्वामी की पहल पर अब ड्रोन उपलब्ध कराया गया है।
अब घाट चौकी पर तैनात कर्मी ड्रोन से सड़क की स्थिति का पता कर सकेंगे। सड़क बंद या खुली होने की सूचना समय से लोगों तक पहुंच सकेगी। इसके अलावा सरयू नदी स्थित पुल अब रात में जगमग नजर आएगा। पुल को बिजली से रोशन किया गया है। साथ ही घाट पुल से लेकर दिल्ली बैंड तक प्रकाश की व्यवस्था की गई है। इससे यात्रियों के साथ ही ड्यूटी पर तैनात जवानों और कर्मियों को सुविधा मिल सकेगी। इस स्थान पर काम करने वाले कर्मियों के लिए तीन टेंट भी उपलब्ध कराए गए हैं।
..........इनसेट कोट
घाट में पहाड़ी से पत्थर गिरते रहते हैं। सड़क की स्थिति का पता लगाने के लिए ड्रोन की मदद ली जाएगी। पीआरडी के चार जवान भी वहां पर तैनात किए गए हैं। लोगों और कर्मियों की सुविधा के लिए घाट पुल से लेकर दिल्ली बैंड तक लाइटिंग की व्यवस्था की गई है। - विनोद गोस्वामी, डीएम पिथौरागढ़