डीडीहाट(पिथौरागढ़)। कुमाऊं के विश्व प्रसिद्ध धार्मिक पर्यटक स्थल आदि कैलाश के लिए 60 लाख रुपये से पेयजल योजना बनेगी। शासन से इसकी मंजूरी मिली है। जल संस्थान जल्द ही योजना को धरातल पर उतारने के लिए काम शुरू करेगा।
जल संस्थान के अधिशासी अभियंता संदीप चतुर्वेदी ने बताया कि अब आदि कैलाश पहुंचने वाले पर्यटकों और श्रद्धालुओं को पानी की कमी नहीं होगी। आदि कैलाश तक पार्वती सरोवर के पास जल स्रोत से पेयजल योजना का निर्माण होगा।
आठ किमी लंबी योजना को धरातल पर उतारने के लिए 60 लाख रुपये मंजूर हुए हैं। कहा कि पेयजल योजना बनने से चीन सीमा की सुरक्षा में तैनात जवानों को भी इसका लाभ मिलेगा।
जल्द पेयजल योजना का निर्माण कार्य शुरू होगा। बता दें कि हर साल देश-विदेश से हजारों श्रद्धालु और पर्यटक आदि कैलाश पहुंचते हैं। पीएम नरेंद्र मोदी के यहां पहुंचने से इस धार्मिक पर्यटक स्थल को पूरे विश्व में प्रसिद्धि मिली है। पानी की व्यवस्था न होने से यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।