पेयजल संकट को लेकर प्रदर्शन करते बंधारीगैर के लोग
- फोटो : अमर उजाला
विकासखंड विण के अंतर्गत विषाड़ ग्राम पंचायत के बंधारीगैर गांव के लोग बारिश के मौसम में भी गंभीर पेयजल संकट से जूझ रहे हैं। गांव के लोगों ने नई पेयजल योजना निर्माण की मांग को लेकर बृहस्पतिवार को जिलाधिकारी कार्यालय के सामने प्रदर्शन किया। वहीं, बसपा ने ग्रामीणों के आंदोलन का समर्थन करते हुए प्रदर्शन में भागीदारी की।
बसपा जिलाध्यक्ष राजेश कुमार ने कहा कि गांव के लोग एक किलोमीटर दूर मकरू पेयजल स्रोत से नई पेयजल योजना बनाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन सरकार ने इस पर कोई ध्यान नहीं किया है। उन्होंने कहा कि जल निगम हर साल करोड़ों रुपये की योजना तो बनाता है, लेकिन जरूरत वाले गांवों को कभी भी इसमें शामिल नहीं किया जाता। उन्होंने कहा कि बंधारीगैर गांव के लिए पेयजल योजना बनाने में ज्यादा खर्च भी नहीं आने वाला है। प्रदर्शन में नवीन कुमार, भूपेंद्र कुमार, होशियार राम, संतोष कुमार, विशन राम, गिरीश राम समेत कई ग्रामीण शामिल हुए।