पिथौरागढ़। शहर के विभिन्न हिस्सों में पानी की संकट है। जीआईसी क्षेत्र में बुधवार को भी नलों में पानी नहीं आया। लोगों के अधिकांश हैंडपंप भी सूख चुके हैं।
वर्तमान में आंवलाघाट, ठूलीगाड़ और घाट पंपिंग योजना से पानी की आपूर्ति हो रही है। इसके बावजूद नगर की जनता को जरूरत का पानी नहीं मिल पा रहा है। जीआईसी क्षेत्र में लोग पानी की समस्या से जूझ रहे हैं। राजेश मोहन उप्रेती ने बताया कि पांडेगांव पुल से जीआईसी तक पेयजल संकट है।
पिछले तीन दिनों से नलों में पानी नहीं आ रहा है। अभी तक लोग अपने निजी हैंडपंपों से पानी जुटा रहे थे लंबे समय से बारिश नहीं होने के कारण अब कुओं में भी जल स्तर काफी कम हो चुका है। कई लोगों के कुएं सूख चुके हैं। उन्हें पीने का पानी महादेव धारे से लाना पड़ रहा है। स्थानीय लोगों ने बताया कि पानी नहीं आने के कारण किरायेदार भी कमरे खाली कर अन्य स्थानों की ओर जा रहे हैं। उधर सरस्वती विहार क्षेत्र में भी लाखों की लागत से पेयजल योजना बिछाने के बाद भी लोगों को पानी नहीं मिल पा रहा है। लोग धारों या फिर हैंडपंपों से पानी जुटाने के लिए मजबूर हैं।
इसके चलते लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। लगातार मांग उठाने के बाद भी जल संकट का समाधान नहीं करने से लोगों में नाराजगी है। लोगों ने पेयजल वितरण की व्यवस्था में सुधार नहीं करने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।