फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

डा. तितियाल को अमेरिका में सीनियर अचीवमेंट पुरस्कार

Tue, 18 Oct 2016 10:43 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला, धारचूला
विज्ञापन
नेत्र सर्जन डा. जीवन तितियाल - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
तिब्बत सीमा पर स्थित दारमा क्षेत्र के दूरस्थ गांव तिदांग निवासी पद्मश्री और विख्यात नेत्र सर्जन डा. जीवन तितियाल को अमेरिका के प्रतिष्ठित सीनियर अचीवमेंट पुरस्कार से सम्मनित किया गया है। पुरस्कार की महत्ता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि एम्स के 50 वर्षों के इतिहास में अब तक मात्र तीन डॉक्टरों को ही यह सम्मान मिल पाया है। डा. तितियाल इस समय एम्स दिल्ली में नेत्र रोग विज्ञान के प्रमुख पद पर तैनात हैं। वह इस पुरस्कार को प्राप्त करने के लिए अमेरिका के शिकागो शहर गए हैं।
विज्ञापन


अमेरिका के शिकागो में अमेरिकन एकेडमी ऑफ आप्थलमोलोजी (एएओ) द्वारा उन्हें यह सम्मान दिया गया। 10 हजार फीट की ऊंचाई पर स्थित तिदांग गांव निवासी जीवन तितियाल की प्रारंभिक शिक्षा तिदांग गांव के प्राथमिक विद्यालय से हुई। हाईस्कूल जीआईसी धारचूला से किया। इंटर की पढ़ाई लखनऊ से पूरी की। बेहद विपरीत परिस्थिति तथा आम बच्चों के ही समान प्रारंभिक शिक्षा लेने के बावजूद अपने लक्ष्य के लिए प्रतिबद्ध डा. तितियाल ने कठिन अनुशासन के साथ अपने परिश्रम को जारी रखा। धारचूला जैसे दुर्गम क्षेत्र में आकर सैकड़ों लोगों की आंखों का मुफ्त में ऑपरेशन किया। उनके छोटे भाई गोविंद तितियाल हल्द्वानी के सुशीला तिवारी चिकित्सालय में नेत्र सर्जन हैं।

एक भाई सेना में असिस्टेंट कमांडेंट हैं। डा. जीवन तितियाल को कार्नियां एंड रिफ्रैक्टिव सर्जरी, सेल स्टेम ट्रांसप्लांट, कार्नियल डिजीज एवं पीडियाट्रिक कांटेक्ट में सर्वश्रेष्ठ कार्य के लिए पद्मश्री से भी सम्मानित किया गया। रं समाज के सर्वश्रेष्ठ सम्मान रं रत्न से सम्मानित डा. तितियाल अपनी सभी उपलब्धियों को ईश्वर की कृपा मानते हैं। कई शोध पत्रों में उनके लेख छप चुके हैं तथा दिल्ली में तीन अंतरराष्ट्रीय सेमिनार भी कर चुके हैं। 
विज्ञापन


कई बड़ी हस्तियों की आंखों के ऑपरेशन किए
बेहद सरल स्वभाव के मृदुभाषी डा. तितियाल ने पूर्व राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल, पूर्व प्रधानमंत्री डा. मनमोहन सिंह, पूर्व मुख्यमंत्री शीला दीक्षित, पर्यावरणविद् सुंदरलाल बहुगुणा, भाजपा नेता डा. मुरली मनोहर जोशी, धर्मगुरु दलाई लामा सहित कई महान हस्तियों की आंखों के सफल ऑपरेशन किया। वह हर साल नवंबर में अपने पिता विजय तितियाल की स्मृति में धारचूला और मुनस्यारी के गांवों में नेत्र चिकित्सा कैंप लगाते हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें