पालिका में शामिल करने के विरोध में प्रदर्शन करते ऐंचोली के लोग
- फोटो : अमर उजाला
ऐंचोली के नगर पालिका में शामिल करने के विरोध में शुक्रवार को भी इलाके के लोगों ने सरकार के खिलाफ प्रदर्शन किया। उन्होंने पालिका में शामिल नहीं करने की मांग करते हुए जिलाधिकारी सी रविशंकर को ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस जिलाध्यक्ष मुकेश पंत और पूर्व ग्राम प्रधान दिनेश पांडेय के नेतृत्व में कलक्ट्रेट पहुंचे लोगों ने इस फैसले के खिलाफ नारेबाजी की। कहा कि सरकार ने ऐंचोली के जिस हिस्से को नगर पालिका में शामिल किया है, उसकी जनसंख्या करीब 1500 है। इनमें से अधिकांश परिवारों की आजीविका कृषि है। लोग खेती से अपना जीवनयापन कर रहे हैं। सरकार गरीब जनता को पालिका में शामिल कर उन पर टैक्स का बोझ डालना चाहती है। गांव के गौचर, पनघट पालिका के अधीन हो जाएंगे।
ज्ञापन में कहा कि राज्य के वित्त मंत्री इसी क्षेत्र के विधायक हैं, वह जनता के हितों के लिए गंभीर हैं तो इस जनविरोधी निर्णय को वापस लें। कहा कि जनविरोधी निर्णय वापस नहीं लिया जाता है तो आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में प्रधान प्रेम राम, पुष्कर रावत, चंद्रशेखर, सौरभ भंडारी, हरीश प्रसाद, योगेश पांडेय, होशियार सिंह आदि शामिल थे।