पिथौरागढ़। सीमांत जिले में रसोई गैस की आपूर्ति सामान्य होने का नाम नहीं ले रही है। गैस की पर्याप्त उपलब्धता के दावे के बावजूद उपभोक्ता रसोई गैस के लिए परेशान हैं। हालात ये हैं कि दो घंटे से अधिक समय तक लाइन में लगने के बाद भी उपभोक्ता खाली सिलिंडर लेकर घर लौटे। ऑफलाइन बुकिंग कराने में भी उपभोक्ताओं के पसीने छूट गए। कई उपभोक्ताओं को बुकिंग के बाद डीएसी कोड नहीं मिलने से रसोई गैस मिलना मुश्किल हो गया है।
शुक्रवार को नगर के टकाना, एपटेक तिराहा, रामलीला मैदान सहित अन्य स्थानों पर 500 से अधिक उपभोक्ता सुबह से ही सिलिंडर रिफिल कराने के लिए लाइन में लग गए। दो घंटे बाद बमुश्किल रसोई गैस का वाहन पहुंचा। एजेंसी के कर्मचारियों ने डीएसी कोड के आधार पर सिलिंडर का वितरण शुरू किया। करीब 300 उपभोक्ताओं को ही डीएसी कोड मिलने से सिलिंडर मिले। अन्य उपभोक्ता बुकिंग होने की बात कर एजेंसीकर्मियों से सिलिंडर रिफिल कराने की मांग करते रहे । कर्मियों ने इससे मना कर दिया तो उपभोक्ताओं को निराश होकर खाली सिलिंडर लेकर घर लौटना पड़ा। बेड़ीनाग, कनालीछीना, डीडीहाट, गंगोलीहाट, मुनस्यारी सहित अन्य हिस्सों में यही हालात रहे।
ऑफलाइन बुकिंग से कुछ राहत, पर्ची कटवाने के लिए मारामारी
सर्वर बंद होने के कारण ऑनलाइन बुकिंग न होने और डीएसी कोड न आने से उपभोक्ताओं की परेशानी को देखते हुए एजेंसियों ने ऑफलाइन बुकिंग शुरू की है। इस व्यवस्था से भी उपभोक्ता जूझ रहे हैं। रसोई गैस मिलने की उम्मीद में उपभोक्ता ऑफलाइन बुकिंग कराने एजेंसी पहुंचे। पिथौरागढ़ इंडेन गैस एजेंसी में सुबह 10 बजे तक 400 से अधिक उपभोक्ता रसोई गैस की ऑफलाइन बुकिंग कराने पहुंचे। भीड़ अधिक होने से बुकिंग कराने में उपभोक्ताओं के पसीने छूटे रहे हैं। इस दौरान नंबर के लिए उपभोक्ताओं के बीच गहमागहमी भी रही। दोपहर एक बजे तक सिर्फ 250 उपभोक्ताओं की रसोई गैस की ऑफलाइन बुकिंग हो पाई। अन्य को निराश लौटना पड़ा।
होटलों में लग जाएंगे ताले
ऑफलाइन बुकिंग शुरू होने से घरेलू उपभोक्ताओं में रसोई गैस मिलने की उम्मीद जगी है। कॉमर्शियल सिलिंडरों की आपूर्ति पर पूरी तरह रोक लगने से कारोबारियों की दिक्कत बढ़ गई है। नगर के सिमलगैर के होटल कारोबारी पवन जोशी, सिल्थाम के मनोज ओझा ने बताया कि रसोई गैस का स्टॉक पूरी तरह खत्म हो चुका है। ऐसे में यदि रसोई गैस नहीं मिली तो प्रतिष्ठानों में ताले लगाने पड़ेंगे। मनोज ओझा ने कहा कि सरकार को छोटे कारोबारियों की परेशानी से कोई लेना-देना नहीं है। होटल एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष राजेंद्र भट्ट ने बताया कि रसोई गैस नहीं मिलने से अधिकतर होटल कारोबारियों ने बुकिंग लेना बंद कर दिया है।
होटल में इस्तेमाल होते मिले चार घरेलू सिलिंडर जब्त
रसोई गैस की दिक्कत के बीच इसकी कालाबाजारी रोकने के दावों पर सवाल उठ रहे हैं। उपभोक्ता रसोई गैस के लिए जूझ रहा हैं। होटलों में बेधड़क घरेलू सिलिंडरों का उपयोग हो रहा है। खुद राजस्व की टीम ने चीला में इस तरह का मामला पकड़ा है। पिथौरागढ़-धारचूला हाईवे पर हचीला में संचालित एक बड़े होटल में कनालीछीना के तहसीलदार राम प्रसाद, राजस्व निरीक्षक शंकर दत्त कापड़ी और खाद्य निरीक्षक जोगा राम ने छापा मारा। इस दौरान होटल में चार घरेलू रसोई गैस सिलिंडरों का उपयोग कर भोजन तैयार हो रहा था। टीम ने चारों सिलिंडर कब्जे में लेकर संबंधित कारोबारी के खिलाफ आवश्यक कार्रवाई की। तहसीलदार राम प्रसाद ने कहा कि घरेलू रसोई गैस की कालाबाजारी रोकने के लिए गंभीरता से काम किया जा रहा है। संवाद
बोले उपभोक्ता
मैं पिछले शुक्रवार भी सिलिंडर रिफिल कराने पहुंचा था लेकिन निराश लौटा। आज घंटों लाइन में लगने के बाद भी मुझे सिलिंडर नहीं मिल पाया। कर्मचारियों ने अब शनिवार को विकास भवन के पास आने के लिए कहा है। - योगेश जोशी, टकाना कॉलोनी, पिथौरागढ़
बड़ी मुश्किल से आज सुबह गैस बुक की लेकिन डीएसी कोट नहीं आया। कर्मचारियों ने कहा कि गैस ऑफिस जाकर मुहर लगाकर लाओ। गैस ऑफिस में भी भीड़ अधिक होने से काम नहीं हुआ। रसोई गैस मिलना चुनौती बन गया है। - पारो, पियाना वार्ड, टकाना