पिथौरागढ़। जिला अस्पताल के डायलिसिस यूनिट में मरीजों को तकनीशियन की सौगात मिलेगी। हालांकि तकनीशियन की तैनाती से पूर्व ट्रायल किया जाएगा। ट्रायल में सफल होने के बाद तकनीशियन की तैनाती की जाएगी। अस्पताल में तकनीशियन न होने से एक चिकित्सक मरीजों का डायलिसिस कर रहे थे।
जिला अस्पताल में डायलिसिस मरीजों के लिए राहत भरी खबर है। डायलिसिस यूनिट स्थापना के बाद से ही मरीज तकनीशियन की मांग कर रहे थे। बुधवार को हल्द्वानी से डायलिसिस तकनीशियन पिथौरागढ़ अस्पताल पहुंचेंगे। जहां पर वह मरीजों का डायलिसिस करेंगे। ट्रायल में सफल होने पर उन्हें तैनाती दी जाएगी। सीएमओ डॉ. एचसी पंत ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग की टीम तकनीशियन के ट्रायल की जांच करेगी। सफल होने के बाद ही उनकी तैनाती की जाएगी।
सीएमएस डॉ. केसी भट्ट ने बताया कि डायलिसिस का आरओ ठीक कर लिया गया है। शनिवार को तीन मरीजों का डायलिसिस किया गया है। अगर बुधवार को ट्रायल सफल रहा तो तकनीशियन की तैनात के बाद अन्य डायलिसिस मरीजों का भी डायलिसिस किया जाएगा। पूर्व पालिका उपाध्यक्ष रोबिन ने बताया कि आरओ खराब होने के कारण उन्हें दो बार डायलिसिस के लिए लोहाघाट जाना पड़ा था। जिला अस्पताल में वर्तमान में मरीजों का उपचार एक डॉक्टर कर रहे हैं। जिन्होंने डायलिसिस का प्रशिक्षण लिया है। तकनीशियन की तैनाती के बाद मरीजों को राहत मिलेगी।