बेड़ीनाग के रामलीला मैदान में सड़क सुधारीकरण की मांग पर धरने पर बैठे लोग। संवाद
बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। बड़ेत-बाफिला सड़क की मांग पर क्षेत्र के लोगों का धरना दूसरे दिन भी जारी रहा। लोगों ने कहा सड़क सुधारीकरण शुरू होने तक वे धरने से नहीं उठेंगे। बीडीसी सदस्य नीरज शाह के नेतृत्व में रामलीला मैदान में धरने पर बैठे लोगों ने शासन-प्रशासन के खिलाफ प्रदर्शन करते हुए नारेबाजी की। कहा कि पीएमजीएसवाई की लापरवाही से यह सड़क बदहाल है और हम इस पर जान जोखिम में डालकर आवाजाही कर रहे हैं।
आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। सड़कों की सुरक्षा दीवारें टूटने से कई घर खतरे में हैं। कई बार विभाग से सड़क और सुरक्षा दीवारों के सुधारीकरण की मांग की गई लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। चेतावनी देते हुए कहा कि जब तक सड़क का सुधारीकरण नहीं होता आंदोलन जारी रहेगा। धरना देने वालों में जिला पंचायत सदस्य रितिक पांडे, पूर्व प्रधान संगठन अध्यक्ष महेश पंत, दीपक आगरी, हरीश बाफिला, रवींद्र बाफिला, नंदन सिंह आदि मौजूद रहे।