धारचूला (पिथौरागढ़)। धारचूला में पांच घंटे तक हुई मूसलाधार बारिश से नगर में जल भराव हो गया। कई दुकानों में मलबा घुसने से व्यापारियों को नुकसान हुआ है। व्यापारी पूरे दिन मलबा साफ करते नजर आए। मानसून शुरू होने से पहले तक कोई इंतजाम नहीं किए जाने से प्रशासन की तैयारियों की पोल खुल गई है।
धारचूला के एलधारा में भारी भूस्खलन से मल्ली बाजार में खतरा बना है। मुख्यमंत्री पुष्कर धामी की घोषणा के बाद एलधारा में भूस्खलन रोकने के लिए सुरक्षा संबंधी निर्माण कार्य किए जा रहे हैं। तेज बारिश होने पर मलबा बाजार तक पहुंच रहा है। मंगलवार रात धारचूला में मूसलाधार बारिश हुई। इस दौरान एलधारा क्षेत्र से पानी के साथ मलबा भी बहकर आ गया। सड़कों पर जल भराव होने से पानी के साथ मलबा मल्ली बाजार के रेडीमेड कपड़ा व्यापारी दीपक रोंकली, अदि कैलाश टूर ऑपरेटर लक्ष्मण कुटियाल के होटल, इंद्र बहुगुणा की दुकान, मल्ली बाजार के रवि फिरमाल फोटो स्टूडियो, पंचाचूली टेलर्स की दुकानों में घुस गया। व्यापारी रवि पंचाचूली ने बताया कि पिछले कई साल से बरसात में मलबा दुकान में घुसने से लाखों का नुकसान हो चुका है। सड़कों पर कीचड़ के कारण लोगों को आवागमन में परेशानी हुई। व्यापारियों ने प्रशासन से बरसात शुरू होने से पहले ही सुरक्षा के इंतजाम करने की मांग की है।
.......इनसेट........
पिथौरागढ़ में दूसरे दिन भी छाए रहे बादल
पिथौरागढ़। पिथौरागढ़ में दो दिन से आसमान बादलों से ढका है। मंगलवार सुबह से ही आसमान में बादल छाए थे। बुधवार सुबह सोरघाटी सहित आसपास के इलाकों में हल्की बूंदाबांदी हुई। दो दिन से बादल छाए रहने से सूर्य की तपिश से कुछ राहत मिली। हालांकि घाटी वाले क्षेत्रों में उमस भरी गर्मी से लोग बेहाल हैं। मानसूनी बारिश शुरू होने पर अगले दो दिनों में गर्मी से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। संवाद