धारचूला नगर में पेयजल वितरण करते भाजपा कार्यकर्ता
- फोटो : अमर उजाला
गलाती-धारचूला पेयजल योजना की मरम्मत नहीं होने से नगर की 15 हजार की आबादी 11 दिनों से गंभीर पेयजल संकट झेल रही है। लोगों में जल संस्थान की ओर से बरती जा रही लापरवाही को लेकर गुस्सा है। वहीं बुधवार को जल संस्थान के अधिशासी अभियंता बिलाल यूनुस ने यहां का दौरा किया। इस बीच भाजपा ने नगर में अपने संसाधनों से बुधवार को दूसरे दिन भी पानी बांटा, जिन इलाकों में जल संस्थान के टैंकर नहीं पहुंच पा रहे हैं, वहां पर भाजपा कार्यकर्ता छोटे वाहनों से पानी पहुंचा रहे हैं। दस स्थानों पर रोजाना 25 हजार लीटर पानी बांटा जा रहा है। भाजपा जिला महामंत्री महेंद्र बुदियाल ने अपने कार्यकर्ताओं के साथ पानी वितरण की जिम्मेदारी संभाल रखी है।
गलाती-धारचूला पेयजल योजना को तोड़ने के लिए जिम्मेदार पीएमजीएसवाई के ठेकेदार के खिलाफ अब तक कार्रवाई न होने से भी लोगों में गुस्सा है। उनका कहना है आवश्यक सेवाओं को इस तरह से ठप करने वाले व्यक्ति के खिलाफ आपराधिक मुकदमा दर्ज होना चाहिए। जल संस्थान के अधिकारी इस बात को स्पष्ट रूप से नहीं बता पा रहे हैं कि पानी की लाइन कब तक ठीक होगी। इधर, व्यापार संघ अध्यक्ष भूपेंद्र थापा ने मामले में विभागों की ओर से दिखाई गई उदासीनता पर गहरा रोष जताया है और मुख्यमंत्री को इसकी जानकारी दे दी है।