बंगापानी (पिथौरागढ़)। तहसील क्षेत्र के प्रसिद्ध कनार में स्थित माता कोकिला (भगवती) दरबार का प्रसिद्ध मेला संपन्न हुआ। मेले में पहुंचे सैकड़ों श्रद्धालुओं ने मां भगवती का आशीर्वाद लिया। कनार मेला एक माह पूर्व होना था, लेकिन अशुद्धि के कारण मेला नहीं हो सका। पौष चतुर्दशी की रात्रि को मेले का आयोजन हुआ। मां भगवती की पूजा और दर्शन के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे।
मेले में जौलजीबी थाने के थानाध्यक्ष संजीव कुमार के नेतृत्व में एएसआई अशोक चौधरी, पुलिस कर्मी श्याम सिंह राणा, दीपक कापड़ी, होमगार्ड विमल कुमार 16 किमी पैदल चल कर कनार पहुंचे। रात्रिकालीन मेले में चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याओं को सुनते हुए सुझाव लिए। ग्रामीणों को नशे के दुष्परिणाम की जानकारी देकर जागरूक किया और सभी ग्रामीणों को नशे से दूर रहने की शपथ दिलाई गई। पुलिस अधीक्षक ने इस पहल की सराहना की है।