तालेश्वर धाम में महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर स्नान करते श्रद्धालु । स्रोत : संवाद
झूलाघाट (पिथौरागढ़)। भारत-नेपाल के शिवभक्तों के लिए आस्था के केंद्र तालेश्वर मंदिर में एक हजार से अधिक श्रद्धालुओं ने भगवान भोलेनाथ के दर्शन किए। महाशिवरात्रि से पूर्व रात्रि को श्रद्धालुओं ने मंदिर में जागरण कर भजन-कीर्तन किए। रविवार को ब्रह्म मुहूर्त में श्रद्धालुओं ने नदी में स्नान कर शिव की पूजा की। इस वर्ष नेपाल से आने वाले श्रद्धालुओं की संख्या भी काफी रही।
इसके चलते झूलाघाट बाजार में काफी भीड़ देखी गई। झूलाघाट, गेठीगाड़ा, वड्डा और पिथौरागढ़ से भी काफी संख्या में भक्त मंदिर पहुंचे। झूलाघाट के साथ ही अन्य ग्रामीण क्षेत्रों में पर्व धूमधाम के साथ मनाया गया। नेपाल स्थित बैतड़ी के प्रसिद्ध ईश्वरी गाड़ धाम में भी सैकड़ों की संख्या में श्रद्धालुओं ने पहुंच कर भगवान भोलेनाथ का अभिषेक किया।