देवेंद्र गर्ब्याल को रं गौरव सम्मान देते लोग
- फोटो : अमर उजाला
इस तहसील के गर्ब्यांग गांव के मूल निवासी और अब आस्ट्रेलिया में बस चुके देवेंद्र गर्ब्याल को रं कल्याण संस्था ने प्रतिष्ठित रं गौरव सम्मान दिया है। देवेंद्र गर्ब्याल आस्ट्रेलिया के नसलबुक हाईस्कूल में समाज विज्ञान के शिक्षक हैं। वह 2002 से पहले भी आस्ट्रेलिया में कार्यरत रहे, लेकिन 2002 में यहां आकर उन्होंने धारचूला जैसे पिछड़े इलाके में अंग्रेजी माध्यम का रं कम्युनिटी स्कूल खोला। 12 वर्ष तक इस स्कूल को संचालित करने और पूरी तरह पटरी पर लाने के बाद वह 2014 में फिर से आस्ट्रेलिया लौट गए। तब से वह निरंतर इस विद्यालय की प्रगति की जानकारी लेते रहते हैं। शुक्रवार को जैसे ही वह यहां पहुंचे तो लोगों ने उनका जोरदार स्वागत किया। उनको ढोल-नगाड़ों के साथ रं कल्याण संस्था के कार्यालय तक लाया गया। गर्ब्याल ने कहा कि नए शिक्षासत्र से इस विद्यालय को हाईस्कूल तक संचालित किया जाएगा।
इसके बाद रं कल्याण संस्था, जनजाति महिला उत्थान समिति तथा विद्यालय प्रबंधन समिति ने गर्ब्याल को प्रतिष्ठित रं गौरव सम्मान, प्रशस्ति पत्र, स्मृति चिन्ह एवं पारंपरिक ब्येंठलो ‘पगड़ी‘ पहनाकर सम्मानित किया गया। प्रधानाचार्य दौलत फकलियाल ने कहा कि गर्ब्याल ने सीमांत क्षेत्र में अंग्रेजी माध्यम की शिक्षा को गरीब तबकों तक पहुंचाया है। वर्ष 2002 में स्कूल स्थापना के बाद से ही कई निराश्रित एवं गरीब बच्चों को निशुल्क शिक्षा दी जा रही है। रं कल्याण संस्था के संरक्षक अशोक नबियाल, जनजाति महिला उत्थान समिति की अध्यक्ष कुसुम गर्ब्याल कहा कि आज भी देवेंद्र गर्ब्याल विद्यालय का मार्गदर्शन करते हैं।
अपने सम्मान से अभिभूत देवेंद्र गर्ब्याल ने कहा कि शीघ्र ही आस्ट्रेलिया से कुशल टीचरों का दल रं कम्युनिटी स्कूल में आकर बच्चों को टिप्स देगा। आस्ट्रेलिया का प्रतिष्ठित विद्यालय रं कम्युनिटी स्कूल को गोद लेकर विद्यालय को आधुनिक रूप देगा। इस दौरान देवेंद्र गर्ब्याल की पत्नी गोदावरी गर्ब्याल को भी सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में नगर पालिकाध्यक्ष दशरथी खैर, व्यापार संघ अध्यक्ष भूपेंद्र थापा, रं कल्याण संस्था के पूर्व संरक्षक महिमन ह्यांकी, पूर्व खंड शिक्षाधिकारी सरोजनी ह्यांकी, बिशनी गुंज्याल, भागेश्वरी गर्ब्याल आदि उपस्थित थे।