डीडीहाट में एसडीएम खुशबू पांडे को ज्ञापन सौंपते राज्य आंदोलनकारी। स्रोत : स्वयं
डीडीहाट (पिथौरागढ़)। यूकेडी के आह्वान पर विधानसभा क्षेत्र डीडीहाट के वंचित और चिह्नित राज्य आंदोलनकारियों की बैठक हुई। इस दौरान आंदोलनकारियों ने एसडीएम कार्यालय तक नारेबाजी करते हुए जुलूस निकाला।
शुक्रवार को एक होटल में हुई बैठक की अध्यक्षता करते हुए यूकेडी के अधिकारी कर्मचारी प्रकोष्ठ के कुमाऊं मंडल अध्यक्ष एवं राज्य आंदोलनकारी दिनेश गुरुरानी ने कहा कि डीडीहाट क्षेत्र की जनता ने राज्य आंदोलन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने हर घर से एक सदस्य को राज्य आंदोलनकारी घोषित किए जाने की मांग उठाई। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन की ओर से जो सूची जारी की गई है उसके अतिरिक्त जिन वंचित आंदोलनकारियों ने वर्ष 2017 से 2021 तक अपने आवेदन जमा किए थे उनके नाम भी उक्त सूची में अंकित किए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि जब तक सभी आंदोलनकारियों का चिह्नीकरण नहीं हो जाता है, संघर्ष जारी रहेगा। दीवान सिंह मेहता ने कहा कि अब सभी आंदोलनकारियों को लामबंद करते हुए चिह्नीकरण के लिए दबाव बनाया जाएगा। बैठक के बाद आंदोलनकारियों ने एसडीएम कार्यालय तक जुलूस निकाला और सीएम और डीएम को संबोधित ज्ञापन एसडीएम खुशबू पांडे को सौंपा।
गुरुरानी ने बताया कि 26 मई को डीडीहाट में एसडीएम की अध्यक्षता में होने वाली बैठक के बाद आगे की रणनीति तय की जाएगी। वहां गोविंद सिंह रावत, सुनील शाह, सुभाष जोशी, विपिन जोशी, प्रताप सिंह, रतन गिरी गोस्वामी, नवीन सिंह कफलिया, दीप चंद्र जोशी, राजेंद्र चुफाल, त्रिलोक आदि मौजूद रहे।