लोनिवि के खिलाफ प्रदर्शन करते ग्रामीण
- फोटो : अमर उजाला
क्षतिग्रस्त तुरगोली-घोरपट्टा मार्ग की मरम्मत न होने से आक्रोशित ग्वीरा गांव के लोगों ने शनिवार को थल बाजार में लोनिवि के खिलाफ प्रदर्शन किया।
सामाजिक कार्यकर्ता प्रेम सिंह सामंत के नेतृत्व में लोगों ने लोनिवि पर क्षेत्र की अनदेखी का आरोप लगाया। सामंत का कहना है कि जून 2016 की आपदा से यह मार्ग बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था। सड़क के किनारे बनी सुरक्षा दीवार भी ढह कर गिर गई थी। इस कारण सड़क के नजदीक बने उनके भवन को भी खतरा हो गया है। उन्होंने बताया कि पीएमजीएसवाई, लोनिवि, शासन-प्रशासन को कई बार समस्या से अवगत कराया गया, मगर कार्रवाई के नाम पर आश्वासन ही मिलते रहे। उन्होंने बारिश के मौसम में मकान को अधिक खतरा होने की आशंका जताते हुए सुरक्षा दीवार बनाने की मांग की है।
ग्रामीण धाना देवी ने कहा कि पिछले वर्ष की आपदा से ग्वीरा को जाने वाला रास्ता एक साल से बंद पड़ा है। प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने इस समस्या पर बिल्कुल भी ध्यान नहीं दिया। इस कारण ग्रामीणों को बाजार आने-जाने के लिए मुश्किलों का सामना करना पड़ता है। जीआईसी थल में अध्ययनरत विद्यार्थी कठिन चढ़ाई पार कर स्कूल पहुंचते हैं। धाना ने कहा कि यदि शीघ्र ही क्षतिग्रस्त सड़क की मरम्मत नहीं की गई तो प्रशासन के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा। प्रदर्शन में शांति देवी, हरक राम, प्रदीप सिंह, लक्ष्मण सिंह, सूरज सिंह, उमेश सामंत, होशियार सिंह आदि शामिल थे।