पिथौरागढ़। अखिल भारतीय समानता मंच ने सर्वोच्च न्यायालय के निर्णय के आधार पर प्रदेश में क्रीमीलेयर व्यवस्था लागू करने की मांग पर प्रदर्शन करते हुए डीएम के माध्यम से सीएम को ज्ञापन भेजा। उन्होंने एससी-एसटी एक्ट के दुरुपयोग को रोकने के लिए उचित कदम उठाने की भी मांग की।
बुधवार को अखिल भारतीय समानता मंच के पदाधिकारी और सदस्य अध्यक्ष केएस भाटिया के नेतृत्व में कलक्ट्रेट पहुंचे और प्रदर्शन किया। उन्होंने कहा कि एससी-एसटी वर्ग के आर्थिक रूप से संपन्न व्यक्ति क्रीमीलेयर आरक्षण का लाभ उठा रहे हैं। न्यायालय के आदेश के अनुसार आर्थिक रूप से कमजोर एससी-एसटी वर्ग के लोगों इसका लाभ मिलना चाहिए। उन्होंने सीएम से प्रदेश में यह व्यवस्था लागू करने की मांग की। उन्होंने डीएम और एसपी को ज्ञापन देते हुए बीते दिनों सामान्य वर्ग के लोगों के खिलाफ 126, 135 के तहत की गई कार्रवाई को निरस्त करने की मांग भी उठाई। ज्ञापन सौंपने वालों में कैलाश चंद्र, रमेश सिंह महर, गिरधर सिंह, कृपाल सिंह मेहता, दया नंद भट्ट, आरएस खनका, डीएस भंडारी, डॉ. नीरज चंद्र जोशी सहित कई लोग शामिल रहे। संवाद