पिथौरागढ़। छानी (सेरा) में हर घर नल योजना से छूटे परिवारों को पेयजल कनेक्शन देने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने डीएम कार्यालय में ज्ञापन सौंपा। उन्होंने कहा कि कुछ परिवार योजना के तहत छूट गए हैं जिससे दिक्कत हो रही है।
मंगलवार को कलक्ट्रेट पहुंचे ग्रामीणों ने कहा कि ग्राम पंचायत छानी (सेरा) में हर घर नल हर घर जल योजना शुरू की गई लेकिन योजना से कई परिवार छूट गए हैं। छूटे हुए परिवार प्राकृतिक जल स्रोतों से पेयजल की आपूर्ति कर रहे हैं। मवेशियों के लिए पानी जुटाना सबसे कठिन हो रहा है। जंगल का रास्ता होने के कारण हर वक्त जंगली जानवरों का खतरा बना रहता है।
उन्होंने शीघ्र छूटे हुए परिवारों को योजना से जोड़ने की मांग की है। वहां सुनील कुमार, इंद्रजीत,कमल किशोर, मनोज कुमार, मनीष कुमार, अमित कुमार, रोशन कुमार, शुभम कुमार, मनोज कुमार, संजय कुमार आदि थे।
ग्रामीणों ने पेयजल योजना निर्माण में लगाया धांधली का आरोप
सुई पऊ गांव में विधायक खुशाल सिंह अधिकारी की चौपाल में उठा मामला
लोहाघाट (चंपावत)। विकासखंड के सुईं पऊ गांव में विधायक खुशाल सिंह अधिकारी ने चौपाल लगाकर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। ग्रामीणों ने विधायक से सुंई लिफ्ट पेयजल योजना में घटिया गुणवत्ता से कार्य करने की शिकायत की।
ग्रामीणों ने जल संस्थान की ओर से बनाई जा रही पेयजल योजना में धांधली का आरोप लगाया। ग्रामीणों का कहना था कि विभाग घटिया गुणवत्ता से कार्य कर जंग लगे पुराने पाइपों को खपा रहा है। घरों में आ रहा पानी पीने योग्य नहीं है। विधायक ने मौके पर मौजूद विभागीय अधिकारियों के प्रति नाराजगी जताते हुए कड़ी फटकार लगाई। जल संस्थान के सहायक अभियंता पवन बिष्ट ने बताया कि योजना को दुरुस्त कर 20 दिसंबर से साफ पानी देने का भरोसा दिलाया।
इसके अलावा ग्रामीणों ने जिला पंचायत से कटी पऊ-चौबेगांव लिंक सड़क को लोक निर्माण विभाग को हस्तांतरित करने की मांग भी की। वहां केशव दत्त चौबे, हिमांशु ओली, राजेश कुमार, कैलाश पांडेय, रमेश राम, महेश चंद्र, उमेश पांडेय, पंकज राम, देवकी नंदन, रमेश राम आदि थे। संवाद