पिथौरागढ़ कलक्ट्रेट में धरना देते दिव्यांग राजेंद्र सिंह।
- फोटो : PITHORAGARH
पिथौरागढ़। मुवानी रूनाथल निवासी दिव्यांग राजेंद्र सिंह ने बीपीएल कार्ड बनाने और आवास देने की मांग को लेकर डीएम कार्यालय में धरना दिया। उन्होंने कहा कि लंबे समय से वह बीपीएल कार्ड और आवास की मांग कर रहे हैं। इसके बाद भी उनकी मांगों को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा है।
बुधवार को कलक्ट्रेट पहुंचे दिव्यांग राजेंद्र सिंह ने धरना दिया। उन्होंने कहा कि वह 100 फीसदी दिव्यांग हैं। इसके बाद भी उनका बीपीएल कार्ड नहीं बना है। उनका घर भी जर्जर हो चुका है। उन्होंने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अन्य लोगों से वह कई बार आग्रह कर चुके हैं। इसके बाद भी उनकी मांगों को लेकर कोई प्रयास नहीं किए जा रहे हैं। पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष जगदीश कुमार ने कहा कि ऐसे लोगों की अनदेखी करना निंदनीय है। उन्होंने कहा कि गरीब को उसका हक दिलाने के लिए वह लड़ाई लड़ेंगे। उन्होंने शीघ्र मांग पूरी न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।