कैलास मानसरोवर की यात्रा पर जाने वाले प्रथम दल के यात्री आठ जून को दिल्ली में एकत्र होंगे। यहां यात्रियों का पहला मेडिकल परीक्षण होगा। इसके बाद ही यह तय होगा कि प्रथम दल में कितने यात्री शामिल होंगे। क्योंकि मेडिकल परीक्षण में कई आवेदक अनफिट भी हो जाते हैं। इस कारण उनको यात्रा की अनुमति नहीं मिल पाती। प्रथम दल 12 जून को आधार शिविर पहुंचेगा।
कुमाऊं मंडल विकास निगम के महाप्रबंधक टीएस मर्तोलिया ने बताया कि 12 जून को कैलास यात्रियों का प्रथम दल अल्मोड़ा से चलकर रात्रि विश्राम के लिए आधार कैंप धारचूला पहुंचेगा। अगले दिन 13 जून से नारायणआश्रम तक वाहनों से जाएंगे। वहां से यात्री सिर्खा पड़ाव रुकेंगे। यात्रियों का अगला पड़ाव गाला, फिर बूंदी, गुंजी और नाभीढांग रहेगा। उन्होंने बताया कि सभी पड़ावों में कर्मचारी तैनात हो गए हैं। राशन तथा अन्य सामग्री पहुंचा दी गई है। पड़ावों में जो भी कमियां थी उनको दूर कर लिया गया है। आधार शिविर धारचूला में अतिरिक्त स्टाफ तैनात कर दिया गया है।
आज पुलिसकर्मी रवाना होंगे धारचूला
पिथौरागढ़। एसपी रोशन लाल शर्मा ने बताया कि कैलास यात्रा मार्ग पर एसडीआरएफ और होमगार्ड को मिलाकर करीब 85 पुलिसकर्मी तैनात होते हैं। इनकी सोमवार को ब्रीफिंग होगी और शाम को यह धारचूला रवाना होंगे। सात जून की सुबह पुलिसकर्मी धारचूला से आगे निकलेंगे। पुलिसकर्मियों को मेडिकल किट भी दिया जा रहा है। पुलिस की इस टीम में एलआईयू और वायरलेस के कर्मचारी भी रहेंगे। पुलिस ने अपने स्तर से सारी तैयारियां कर ली हैं।
रोड खुला रखने के लिए जारी किए निर्देश
पिथौरागढ़। कैलास यात्रा के दौरान सड़क बंद न हो इसका पूरा ध्यान दिया जा रहा है। शासन ने जिलाधिकारी को निर्देश दिए हैं कि यात्रा के दौरान सड़क यातायात बनाए रखने के लिए पूरी व्यवस्था की जाए। जिलाधिकारी एचसी सेमवाल ने लोनिवि, सीमा सड़क संगठन के अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सड़क यातायात बहाल रखने के लिए पूरी व्यवस्था की जाए। जहां पर मलबा गिरने की आशंका है, वहां पर जेसीबी और बुलडोजर को नियमित रखा जाए।
सात जून को पहुंचेगा छोटा कैलास यात्री दल
धारचूला (पिथौरागढ़)। छोटा कैलास यात्रियों का 32 सदस्यीय पहला दल सात जून को आधार शिविर धारचूला पहुंचेगा। यह दल आठ जून को नारायणआश्रम होते हुए गाला पड़ाव जाएगा। छोटा कैलास यात्री गुंजी तक उसी रास्ते से जाते हैं, जिस रास्ते से कैलास मानसरोवर यात्री निकलते हैं। गुंजी से छोटा कैलास यात्री कुटी, ज्योलिंगकांग के लिए निकलते हैं। केएमवीएन के पर्यटक आवासगृह के प्रबंधक डीएस बिष्ट ने बताया कि छोटा कैलास यात्रियों के लिए सभी व्यवस्थाएं कर ली गई हैं।