लोहाघाट (चंपावत)। नगर सहित ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार हो रही बारिश से जनजीवन प्रभावित हो गया है। बारिश के चलते कई स्थानों पर पहाड़ियों से मलबा आने से सड़कें बंद हो गई हैं। कुछ स्थानों पर आवाजाही करना जोखिमपूर्ण बना हुआ है।
बाराकोट ब्लाक के गल्लागांव-देवली माफी मोटर मार्ग पर जगह-जगह मलबा आने से मार्ग अवरुद्ध हो गया है। घाट-अल्मोड़ा मोटर मार्ग पर पनार के समीप पहाड़ी से मलबा आने के कारण सड़क बंद हो गई। गुमदेश क्षेत्र के भैरंगी पौड़ में मलबा गिरने से वाहनों की आवाजाही खतरे के बीच हो रही है। वहीं चमदेवल के जाख-जिंडी गांव को जोड़ने वाला मार्ग भी क्षतिग्रस्त हो गया है, जिससे ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इधर, जीआइसी डोबाभागू विद्यालय की सुरक्षा दीवार टूटने से विद्यालय भवन को खतरा पैदा हो गया है। लगातार बारिश से क्षेत्र के ग्रामीणों की चिंता बढ़ गई है। लोगों ने बंद और क्षतिग्रस्त मार्गों को शीघ्र दुरुस्त कराने की मांग की है।आपदा कंट्रोल रूम से मिली जानकारी के अनुसार ग्राम सभा पाटन पाटनी के अनिल राम के आंगन की दीवार क्षतिग्रस्त होने से मकान को खतरा पैदा हो गया है।