सरयू नदी के किनारे सेराघाट में पिता की चिता को मुखाग्नि देती कल्पना। स्रोत: ग्रामीण
गंगोलीहाट (पिथौरागढ़)। बेटा सऊदी अरब में नौकरी कर रहा है और इधर गांव में पिता की अचानक मौत हो गई। बेटे के सात समुंदर पार होने के कारण बेटी ने पिता की चिता को मुखाग्नि देकर अंतिम विदाई दी।
बिलाड़ पट्टी के इटाना गांव के मानसिंह (52) पुत्र जीत सिंह बीते मंगलवार को अपने पिता का श्राद्ध करने की तैयारी में लगे थे। बिरादरों को श्राद्ध भोज का निमंत्रण दिया था। मानसिंह सब्जी काटने लगे। इस दौरान काम करते-करते मान सिंह की मौत हो गई। उनका इकलौता बेटा सऊदी अरब में है। दो बेटियों की शादी हो गई है। ऐसे में तीसरी बेटी कल्पना ने सेराघाट में सरयू नदी के किनारे पिता की चिता को मुखाग्नि दी। उनके निधन पर राजेंद्र सिंह, हरीश सिंह, गोपाल सिंह, बबलू सिंह, किशन सिंह सहित अनेक ग्रामीणों ने शोक व्यक्त किया है।