धारचूला/पिथौरागढ़। आदि कैलाश और ओम पर्वत की यात्रा के लिए 09 जुलाई से इनर लाइन परमिट जारी नहीं होंगे। खराब मौसम और आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से लगातार मिल रहे अलर्ट को देखते हुए प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा की दृष्टि से यह निर्णय लिया है। अब इस प्रसिद्ध यात्रा के लिए 15 सितंबर से पास जारी होंगे।
इस वर्ष आदि कैलाश और ओम पर्वत के लिए यात्रा 30 मई से शुरू हुई थी। सात जुलाई तक 23532 यात्री आदि कैलाश के दर्शन के लिए जा चुके हैं। बरसात शुरू होने के बाद तवाघाट से बुंदी तक मलबा और बोल्डर गिरने का अधिक खतरा रहता है। धारचूला के एसडीएम जीतेंद्र सिंह ने बताया कि आदि कैलाश और ओम पर्वत के दर्शन के लिए अभी यात्रियों के आने का क्रम जारी है। सोमवार को भी 57 इनर लाइन पास जारी किए गए हैं। एसडीएम ने बताया कि इस समय कैलाश मानसरोवर यात्रा भी संचालित है। आपदा प्रबंधन विभाग की ओर से लगातार जारी अलर्ट को देखते हुए सुरक्षा की दृष्टि से आदि कैलाश और ओम पर्वत जाने वाले यात्रियों के लिए नौ जुलाई से इनर लाइन परमिट जारी नहीं करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि 30 मई से सात जुलाई तक 23532 इनर लाइन पास जारी किए जा चुके हैं। आदि कैलाश और ओम पर्वत के लिए दोबारा कब इनर लाइन परमिट जारी होंगे इस पर बाद में निर्णय लिया जाएगा।
लगातार बारिश के कारण मलबा आने से सड़क मार्ग बंद हो रहा है। सुरक्षा की दृष्टि से नौ जुलाई से आदि कैलाश और ओम पर्वत के लिए इनर लाइन परमिट जारी न करने का निर्णय लिया गया है। वर्षाकाल में यात्रियों की संख्या में भी कमी आई है। सितंबर 15 से फिर से इनर लाइन परमिट जारी किए जाएंगे।
विनोद गोस्वामी, जिलाधिकारी पिथौरागढ़।