चंपावत। नगर के गांधी चौक में आयोजित हरेला मेले में बृहस्पतिवार को लोगों की भारी भीड़ उमड़ी। दशकों से लगने वाले इस पारंपरिक मेले में उत्तराखंड के विभिन्न जिलों के साथ ही उत्तर प्रदेश से भी कारोबारी अपने उत्पाद लेकर पहुंचे। सुबह से देर शाम तक मेले में खरीदारी करने वालों का तांता लगा रहा। मेले में घरेलू उपयोग की वस्तुएं, खिलौने, कपड़े, बर्तन, सजावटी सामान, कृषि उपकरण और खानपान की दुकानों पर लोगों की अच्छी खासी भीड़ देखने को मिली। बच्चों ने मनोरंजन के साधनों का भरपूर आनंद लिया। इसके अलावा महिलाओं ने घरेलू और सजावटी सामान की खरीदारी की। हरेला पर्व के अवसर पर आयोजित इस मेले ने पूरे दिन उत्सव का माहौल बनाए रखा। व्यापारियों ने भी अच्छी बिक्री होने पर संतोष जताया। ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग मेले में पहुंचे। गांधी चौक और आसपास का क्षेत्र देर शाम तक गुलजार रहा। संवाद
20 लाख से अधिक का हुआ कारोबार
चंपावत। नगर में प्रतिवर्ष हरेला पर्व के अवसर पर लगने वाले इस पारंपरिक मेले में इस बार भी व्यापारियों के पास ग्राहकों की अच्छी भीड़ उमड़ी। सुबह के मुकाबले दोपहर बाद मेले में लोगों की आवाजाही तेजी से बढ़ी। शाम को दुकानों पर खरीदारी के लिए भीड़ लगी रही। घरेलू उपयोग की वस्तुओं, कपड़ों, खिलौनों, बर्तनों और खानपान की दुकानों पर देर शाम तक ग्राहकों की अच्छी आमद रही। इससे व्यापारियों का कारोबार भी बेहतर रहा। अनुमान है कि मेले में एक दिन के दौरान करीब 40 लाख रुपये से अधिक का कारोबार हुआ। मेले में काशीपुर, खटीमा, ऊधमसिंह नगर के अलावा उत्तर प्रदेश समेत अन्य राज्यों से आए व्यापारियों ने विभिन्न प्रकार के उत्पादों की दुकानें सजाईं। किच्छा से पहुंचे व्यापारी साहिल ने बताया कि वह पिछले चार वर्षों से गांधी चौक के हरेला मेले में दुकान लगा रहे हैं। इस बार भी ग्राहकों की अच्छी आमद रही और कारोबार उम्मीद के अनुरूप रहा। वहीं, उत्तर प्रदेश के व्यापारी विनोद ने बताया कि मेले में सुबह से देर शाम तक खरीदारों की भीड़ लगी रही। उन्होंने कहा कि अच्छी बिक्री होने से व्यापारी काफी संतुष्ट हैं। बड़ी संख्या में ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों से पहुंचे लोगों की खरीदारी के चलते मेले में पूरे दिन रौनक बनी रही।
नगर व्यापार संघ महासचिव हरीश सक्टा ने बताया कि मेले दशकों से चला आ रहा है। इस मेले में व्यवस्थाओं की जिम्मेदारी व्यापार संघ, प्रशासन और पुलिस संयुक्त रूप से निभाया। बताया कि मेले में उत्तराखंड के साथ ही यूपी के कारोबारी अपने उत्पाद लेकर पहुंचे थे। मेले में करीब 40 लाख का कारोबार हुआ है।