फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Champawat News: पूर्णागिरि धाम में उमड़ी भीड़, 30 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन

Fri, 06 Mar 2026 02:13 PM IST
गायत्री जोशी संवाद न्यूज एजेंसी

सार

मां पूर्णागिरि मंदिर मेले के सातवें दिन होली के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई है। करीब 30 हजार भक्तों ने मां के दरबार में माथा टेककर मन्नत मांगी।
विज्ञापन
मां पूर्णागिरि मेले में भैरव मंदिर से आगे पैदल मार्ग में आगे बढ़ता श्रद्धालुओं का जत्था। - फोटो : संवाद
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मां पूर्णागिरि मेले के सातवें दिन होली के बाद श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़नी शुरू हो गई है। पैदल जत्थों के आगे बढ़ने से धाम मां के जयकारों से गुंजायमान है। सुबह से ही मुख्य मंदिर में मां के दर्शन के लिए लंबी-लंबी लाइनें लगती रहीं। करीब 30 हजार श्रद्धालुओं ने मां के दरबार में शीश नवाकर मन्नत मांगी। इस बीच मेले में सुरक्षा के कड़े प्रबंध रहे।

बीती 27 फरवरी को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मेले का ठूलीगाड़ में उद्घाटन किया था। इस बार भी होली के तत्काल बाद बृहस्पतिवार सुबह से ही बस, ट्रैक्टर-ट्रॉली, निजी वाहनाें से श्रद्धालुओं का रैला मां के जयकारों के साथ पूर्णागिरि मार्ग पर आगे बढ़ता रहा।

बूम पार्किंग में बस और ट्रैक्टर-ट्रॉली पार्क हुए जबकि छोटे वाहन ठूलीगाड़, भैरव मंदिर तक पहुंचे। अधिक वाहन होने पर भैरव मंदिर पर्यटक आवास गृह परिसर के पास भी वाहन खड़े हुए। ठूलीगाड़ से भैरव मंदिर तक शटल सेवा के तहत 60 टैक्सी वाहनों का संचालन किया गया। भैरव मंदिर से मुख्य मंदिर तक पैदल जत्थे मां के जयकारे के साथ आगे बढ़ते रहे। मुख्य मंदिर में सुबह से ही लंबी लाइन लग गई।

मुख्य काली मंदिर में एसआई दिलवर भंडारी के नेतृत्व पुलिस टीम भीड़ नियंत्रित करती रही। मंदिर समिति के सचिव सुरेश तिवारी ने बताया कि काली मंदिर क्षेत्र में पानी की समस्या रही। समिति के कोषाध्यक्ष नवीन तिवारी ने बताया कि सुबह से ही मुख्य मंदिर में लंबी लाइन लग गई।

ठूलीगाड़ में समाजसेवियों की ओर से लगे भंडारों में प्रसाद के लिए श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लगती रहीं। बूम क्षेत्र में रात के समय एसआई बूम चौकी एसआई संदीप पिल्खवाल ने चेकिंग अभियान चलाया। भैरव मंदिर एसआई देवनाथ गोस्वामी के नेतृत्व में पुलिस टीम पार्किंग फुल होने पर वाहनों को अन्यत्र पार्क कराते रहे। एसएसबी की ओर से दिन भर चेकिंग अभियान चलता रहा। मेले पेयजल, लाइट, सुरक्षा, स्वास्थ्य सभी सुविधा सुचारू हो गईं।

ट्रेन में भीड़ इतनी की फर्श पर करना पड़ा सफर

विज्ञापन

 होली पर्व संपन्न होते ही बरेली, पीलीभीत से आने वाली पैसेंजर और अन्य ट्रेनों से भारी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। इससे टनकपुर रेलवे स्टेशन और ट्रेनों में भक्त मां के जयकारे लगाते रहे जिससे माहौल भक्तिमय रहा। बृहस्पतिवार सुबह ट्रेनों में सर्वाधिक भीड़ रही। सुबह पीलीभीत-टनकपुर पैसेंजर ट्रेन में पीलीभीत से ही फर्श पर बैठकर आ रहे शाहजहांपुर के श्रद्धालु रामपाल बोले- वह पीलीभीत में ट्रेन बदलकर बैठे। सीट नहीं मिलने पर वह फर्श पर ही परिवार के साथ पहुंचे हैं। वह 10 वर्ष बाद मां के दर्शन के लिए आए हैं। दूसरी बोगी में फर्श पर बैठी श्रद्धालु नन्ही देवी ने बताया कि पीलीभीत से ही इसी तरह आ रहे हैं। इस बीच रास्ते भर ट्रेन में खड़े और फर्श में बैठे श्रद्धालु मां के जयकारे लगाते नजर आए। भक्ति का रंग दिक्कतों पर भारी नजर आया।

 

शारदा तट पर स्नान के लिए उमड़े श्रद्धालु, पुण्य की डुबकी लगाई
मां पूर्णागिरि के दर्शन के बाद श्रद्धालु शारदा घाट टनकपुर में स्नान के लिए पहुंचे। बृहस्पतिवार सुबह से ही घाट पर पूजा सामग्री और खान पान की दुकानों पर भी रौनक नजर आ गई। शारदा नदी के किनारे श्रद्धालु दिन भर स्नान करते रहे। पुजारी मोहित त्रिपाठी ने बताया कि सुबह से ही श्रद्धालु आने लगे। शारदा नदी के तट पर परिवार के साथ स्नान कर रहे बिल्सी, जिला बदांयू, यूपी निवासी किराना व्यापारी ललित माहेश्वरी ने बताया कि वह 20 साल के बाद मां के दर्शन के लिए परिवार के साथ आए हैं। अब काफी बदलाव आ गया है। व्यवस्थाएं भी बेहतर हो गई हैं। जल पुलिस के तैराक राकेश गिरी के नेतृत्व में टीम शारदा तट पर तैनात रही।

 

 

 

दिन भर रोडवेज बसों का ठूलीगाड़ तक किया संचालन

विज्ञापन

मां पूर्णागिरि मेले में श्रद्धालुओं का रेला आते ही रोडवेज की ओर से भी बस स्टेशन से सुबह से ही गाड़ियों का ठूलीगाड़ तक संचालन किया गया। एआरएम केएस राणा ने बताया कि 10 बसों की व्यवस्था की गई है। जैसे-जैसे यात्री आ रहे हैं उसी के अनुरूप बसों का संचालन हो रहा है। बृहस्पतिवार सुबह से ही बसों को संचालित किया गया। बूम तक किराया 25 रुपये और ठूलीगाड़ तक 35 रुपये निर्धारित किया गया है। ट्रेन आते ही रोडवेज स्टेशन की ओर भी श्रद्धालुओं का रुख हो रहा है।
विज्ञापन


 

विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें