सीमांत जिले के अधिकतर स्थानों पर तेज बारिश से धान की फसल को खासा नुकसान पहुंचा है। इस समय अधिकतर किसान धान और मडु़वे की फसल समेटने की तैयारी में हैं।
जाजरदेवल, कनालीछीना, सातसिलिंग, आठ गांव सिलिंग, चंडाक समेत विभिन्न गांवों में किसान फसल काटने में लगे हैं। कई स्थानों पर अभी खेतों में फसल खड़ी है। बारिश के चलते फसल खेतों में गिर गई है। किसान पहले ही सुअरों के आतंक से परेशान हैं। अब जब फसल पकने को है, ऐसे में तेज बारिश ने किसानों की परेशानी और बढ़ दी है। नाचनी क्षेत्र में दोपहर 12 बजे से मध्यम बारिश शुरू हुई।
दोपहर दो से तीन बजे तक भारी बारिश से फसलों को खासा नुकसान पहुंचा है। पकने को तैयार फसल खेतों में पलट गई है। मुनस्यारी, डीडीहाट, अस्कोट आदि स्थानों पर तेज बारिश से ग्रामीण परेशान रहे। अस्कोट में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। इससे कई स्थानों पर दुकानों में पानी घुस गया। जिला मुख्यालय में शाम के वक्त जोरदार बारिश हुई। उधर, झूलाघाट, मूनाकोट आदि क्षेत्रों में मौसम साफ रहा।
दुकान, घरों में घुसा पानी
नाचनी। बाजार क्षेत्र में सड़क किनारे बनी नालियों में निकासी नहीं होने से बारिश का पानी दुकानों और घरों में घुस गया। इससे लोगों और व्यापारियों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। व्यापार मंडल के अध्यक्ष कुंदन बथियाल ने बताया कि लोनिवि डीडीहाट को कई बार पानी की निकासी व्यवस्था करने के लिए पत्र के साथ ही मौखिक रूप से भी बताया गया है, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई।
रातीगाड़ में मलबा गिरने से दो घंटे बंद रही सड़क
नाचनी। क्षेत्र में हुई भारी बारिश के चलते थल-मुनस्यारी मार्ग पर दोपहर दो बजे मलबा गिर गया। इससे सड़क बंद हो गई। इसके चलते करीब पांच दर्जन वाहन सड़क के दोनों ओर फंस गए। लोनिवि ने अपरान्ह चार बजे जेसीबी से मलबा हटाकर सड़क पर यातायात सुचारु कराया।
धारचूला में 127 एमएम बारिश
पिथौरागढ़/धारचूला। पिछले 24 घंटे में धारचूला में भारी बारिश हुई। इस कारण धारचूला के हाट, देवल, बगीचा, धारचूला मल्ली बाजार समेत कई इलाकों में मलबा पट गया। सोमवार रात कई घंटों तक धारचूला में बारिश हुई। मौसम विभाग ने धारचूला में 127.2 एमएम बारिश रिकार्ड की है। मुनस्यारी में 6, डीडीहाट में 3, बेड़ीनाग में 2 एमएम बारिश हुई।