पिथौरागढ़। जल्द ही जिला अस्पताल के पास क्रिटिकल, पेईंग वार्ड और पार्किंग अस्तित्व में आएगी। वार्ड बनने से मरीजों को भर्ती करने के लिए पर्याप्त जगह मिलेगी और बरामदे में बिस्तर नहीं लगाने पड़ेंगे। पार्किंग बनने से जिला अस्पताल के आसपास और नगर क्षेत्र में जाम की समस्या से छुटकारा मिलेगा।
जिला अस्पताल पर मरीजों का खासा दबाव रहता है। यहां औसतन हर रोज 120 बेड के सापेक्ष 130 से अधिक मरीजों को भर्ती किया जाता है। दबाव अधिक होने से अस्पताल प्रबंधन को मरीज का इलाज करने के लिए बरामदे में बिस्तर लगाने पड़ते हैं। जिला अस्पताल के आसपास सड़कों के किनारे वाहन खड़े होने से आए दिन जाम लगता है। इससे मरीजों, तीमारदारों को परेशानी होती है। अस्पताल के पास खाली जमीन पर जल्द ही 9.72 करोड़ रुपये से क्रिटिकल और जनरल प्राइवेट वार्ड के साथ पार्किंग भी अस्तित्व में आएगी। वार्ड की क्षमता 20 बेड तो पार्किंग की क्षमता 40 से अधिक वाहनों की होगी। इस समस्या का समाधान करने के लिए खनन न्यास निधि से धन मंजूर हुआ है।
निचले तल पर बनेगी पार्किंग
कार्यदायी संस्था के मुताबिक अस्पताल के पास खाली जमीन पर बनने वाले भवन के निचले तल में दो मंजिला पार्किंग बनेगी। ऊपरी हिस्से में क्रिटिकल और प्राइवेट वार्ड बनेंगे। पार्किंग बनने से मरीजों के तीमारदारों के साथ ही अन्य लोग यहां अपने वाहन पार्क कर सकेंगे। इससे अस्पताल के आसपास जाम की समस्या से भी मुक्ति मिलेगी।
कोट
जिला अस्पताल के पास खाली जमीन पर पार्किंग के साथ ही मरीजों के लिए वार्ड बनाने का काम शुरू हो चुका है। जल्द ही पार्किंग और वार्ड अस्तित्व में आएंगे। फिलहाल डेढ़ करोड़ की पहली किस्त मिली है। शेष धनराशि जल्द मिलने की उम्मीद है। - एलएम जोशी, सहायक अभियंता, ग्रामीण निर्माण विभाग, पिथौरागढ़