चोरों ने भारतीय स्टेट बैंक की दशाईथल शाखा में लगे एटीएम को तोड़ने का प्रयास किया। सफलता नहीं मिलने पर चोर पास की ही दुकान का ताला तोड़कर गल्ले पर हाथ साफ कर गए। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज मामले की छानबीन शुरू कर दी है। एटीएम में 19 लाख से अधिक की राशि थी, जो सुरक्षित है।
चोरों ने बुधवार रात तहसील मुख्यालय से तीन किमी की दूरी पर स्थित दशाईथल के स्टेट बैंक की शाखा में लगे एटीएम को तोड़ने के उद्देश्य से शटर में लगे ताले काट डाले। चोर शटर के सेंट्रल लॉक को तोड़ने में नाकाम रहे। इससे पहले उन्होंने एटीएम और सीसीटीवी की वायरिंग काट दी थी।
शाखा प्रबंधक धर्म पाल सिंह ने गंगोलीहाट थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि बुधवार रात 12.49 बजे उनके मोबाइल पर एटीएम की कनेक्टिविटी डाउन होने का मैसेज आया था, जिसे वह रात को देख नहीं पाए। यह मैसेज उन्होंने बृहस्पतिवार सुबह देखा। मैसेज देखने के बाद वह सुबह बैंक पहुंचे तो एटीएम कक्ष के शटर के ताले टूटे थे। वायरिंग काटी गई थी। बताया कि एटीएम में कनेक्टिविटी न होने पर तत्काल फोन पर मैसेज आ जाता है। शाखा प्रबंधक ने बताया कि एटीएम में 19 लाख 7 हजार 750 रुपये थे, जो सुरक्षित हैं। यहां रात में गार्ड तैनात नहीं रहता है। उन्होंने चोरों का पता लगाने की मांग पुलिस से की है।
वहीं, एटीएम तोड़ने के प्रयास की जानकारी मिलने पर लोगों का हुजूम बैंक में जमा हो गया। चोरों ने जिस तरह एटीएम और सीसीटीवी की वायरिंग काटी, इससे उनके शातिर होने का अनुमान लगाया जा रहा है।
एटीएम तोड़ने में नाकाम चोरों ने पास में ही सुभाष कुमार की सब्जी की दुकान के ताले तोड़ डाले। सुभाष कुमार ने बताया कि गल्ले में रखी दो हजार रुपये की नगदी गायब है। गंगोलीहाट थाने के उप निरीक्षक प्रकाश चंद्र ने बताया कि दोनों घटनाओं की जांच की जा रही है।