देवलथल तहसील के पथरौली गांव से बृहस्पतिवार की सुबह देवलथल स्कूल जा रहे सात साल के बच्चे पर सुअर ने हमला कर दिया। अन्य बच्चों ने सुअर को आता देख दौड़ लगा दी। घायल बच्चे का जिला अस्पताल में इलाज चल रहा है। सुअर ने बच्चे के पेट और हाथ पर घाव किए हैं। इस घटना से लोगों में भारी दहशत है। उन्होंने सुअर का आतंक समाप्त करने की मांग की है।
पथरौली गांव से बृहस्पतिवार सुबह अन्य बच्चों के साथ देवसिंह का सात वर्षीय बेटा सौरभ भी स्कूल के लिए निकला। गांव तक सड़क न होने के कारण बच्चे जंगल के रास्ते पैदल स्कूल पहुंचते हैं। गांव से थोड़ा आगे बच्चों के सामने जंगली सुअर आ गया। अन्य बच्चों ने तो सुअर को आता देख दौड़ लगा दी, लेकिन सौरभ दौड़ नहीं पाया और उस पर सुअर ने हमला कर दिया। सौरभ को घायल करने के बाद सुअर जंगल की तरफ भाग गया।
सौरभ के साथ स्कूल जा रहे अन्य बच्चों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। कई बच्चे तो सुअर को देखकर घबराहट में हैं। गांव के लोगों ने बताया कि यदि सड़क होती तो बच्चों को वाहन से स्कूल भेजने की व्यवस्था की जाती। जिला पंचायत सदस्य जगदीश कुमार ने डीएफओ से मांग की है कि सुअर को मारने या पकड़ने के लिए टीम भेजी जाए।