भारत-नेपाल की खुली सीमा का फायदा उठाकर महाकाली के अवैध रास्तों से तस्करी कर भारत में भारी मात्रा में नेपाली सिगरेट खुकरी लाई जा रही है। भारतीय कंपनियों की सिगरेट ज्यादा महंगी होने के कारण उसका बाजार लगातार कम हो रहा है। नतीजतन नेपाल सीमा से सटे बाजारों में खुकरी सिगरेट ने पूरी तरह सेंध लगा ली है। वहीं, झूलाघाट से लेकर बलतड़ी तक रात में महाकाली को पार कर भारत में लाई जा रही सिगरेट को सीमा पर तैनात सुरक्षा एजेंसियां भी रोक नहीं पा रही हैं।
नेपाल में बनने वाली सिगरेट की नेपाल के बैतड़ी बाजार में 20 पैकेट की कीमत 800 रुपये है, जबकि भारत आने के बाद इसकी कीमत 1000 रुपये हो जाती है। यह कीमत भारतीय कंपनियों की सिगरेट की अपेक्षा बहुत ही कम है। भारतीय सिगरेट पर कई तरीके के टैक्स लगने के कारण नेपाल में निर्मित खुकरी सिगरेट ने भारतीय बाजार को पूरी तरीके से चौपट कर दिया हैं। खुकरी सिगरेट को भारत में लाने पर पूर्णतया प्रतिबंध है, लेकिन भारत एवं नेपाल की खुली सीमा पर महाकाली के किनारे ट्यूब और कश्तियों से पार कर खुकरी सिगरेट भारी मात्रा में लाई जा रही है। रात को लाई जाने वाली सिगरेट की जानकारी झूलाघाट पुलिस को भी है, लेकिन तस्करी में लिप्त लोग इतनी चालाकी से काम करते हैं कि सुरक्षा एजेंसियों की पकड़ में नहीं आते।
खुकरी सिगरेट के भारतीय बाजार में जम जाने से सरकार को प्रतिवर्ष 10 करोड़ रुपये के नुकसान होने का अनुमान है। झूलाघाट थाना प्रभारी टीएस राणा ने बताया कि बलतड़ी के पास नदी का घाट कम चौड़ा है। यहां से रात में तस्करी कर भारी मात्रा में नेपाली खुकरी सिगरेट आने की सूचना है। तस्करी में लिप्त लोग जायल, बोनकोट, अड़किनी होते हुए पिथौरागढ़ तक सिगरेट को ले जाते हैं। कई बार पुलिस ने छापा मारा हैं परंतु सिगरेट तस्कर रास्ता बदलकर चले जाते हैं।
खुकरी सिगरेट बहुत ही सस्ती
भारत में विल्स, कैप्सटन, गोल्ड फ्लेक, पनामा और सीएचएल कंपनी की सिगरेट बनती हैं। सभी सिगरेट खुकरी सिगरेट की तुलना में बहुत ज्यादा महंगी हैं। भारत में सरकार ने सिगरेट पर 14 प्रतिशत सीजीएसटी, 14 प्रतिशत एसजीएसटी, 5 प्रतिशत सेस लगा रखा है। विशेष सेस जो कि कंपनी से ही लग कर आता है। इस प्रकार भारतीय सिगरेट पर भारी टैक्स लगने के कारण यह बहुत ही महंगी हैं। भारतीय पनामा सिगरेट के 20 पीस के बाक्स की रिटेल कीमत 98 रुपये है, जबकि कैप्सटन का 50 रुपये, विल्स, गोल्ड फ्लेक का 200 रुपये, मालवेरो का 300 रुपये और सीएचएल का 100 रुपये का 20 पीस का बाक्स हैं। इन सबकी अपेक्षा नेपाली सिगरेट के 20 पीस के बाक्स की रिटेल कीमत 48 से 50 रुपये तक है। भारतीय सिगरेट पर भारी टैक्स लगने और नेपाल से आने वाली सिगरेट बिना टैक्स के आने से खुकरी सिगरेट की बिक्री बहुत ज्यादा बढ़ी है।