साईपोलू गांव की एक विवाहिता की मंगलवार को चट्टान से गिरकर मौत हो गई। वह घास काटने जंगल गई थी। गांव के लोगों ने बड़ी मुश्किल से शव को खाई से बाहर निकाला। तहसील क्षेत्र में एक सप्ताह के भीतर चट्टान से गिरकर मरने की यह दूसरी घटना है।
एक सप्ताह पहले समकोट गांव की एक महिला की भी घास काटते समय चट्टान से गिरकर मौत हो गई थी। बताया गया कि साईपोलू गांव के इंद्र सिंह की पत्नी हरुली देवी (28) गांव की अन्य महिलाओं के साथ जंगल से घास लेने गई थी।
घास काटते समय चट्टान से फिसलकर वह करीब 150 फीट गहरी खाई में जा गिरी। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गांव की अन्य महिलाओं ने घटना की जानकारी लोगों को दी।
लोगों ने खाई से शव निकाला। तहसील क्षेत्र में हर साल इस सीजन में चट्टान से गिरकर घायल होने और मरने की घटनाएं होती रहती हैं। महिलाएं घास, चारे के लिए जानजोखिम में डालकर कठिन पहाड़ियों पर चढ़ जाती हैं।