फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

जीप खाई में गिरी, महिला की मौत

Sat, 30 Jan 2016 10:48 PM IST
ब्यूरो/अमर उजाला,पिथौरागढ़
विज्ञापन
विज्ञापन
पिथौरागढ़ से रसैपाटा जा रही एक जीप शनिवार अपरान्ह करीब पांच बजे भौड़ी के पास दुर्घटनाग्रस्त होकर खाई में जा गिरी, जिससे एक महिला की मौत हो गई। जीप में सवार सात लोग घायल हो गए। जिनमें से छह को गंभीर हालत में जिला अस्पताल लाया गया है। दुर्घटना के बाद जीप चालक मौके से फरार हो गया। यात्रियों के अनुसार ड्राइवर नशे की हालत में प्रतीत हो रहा था। वह गाड़ी को अनियंत्रित तरीके से चला रहा था। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही राजस्व पुलिस की टीम मौके पर पहुंच गई। टीम ने स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को खाई से बाहर निकाला और 108 वाहन से जिला अस्पताल भेजने की व्यवस्था की।
विज्ञापन


राजस्व उप निरीक्षक भरत मेहता और प्रकाश कापड़ी ने बताया कि दुर्घटनाग्रस्त मैक्स जीप (यूके 05-टीए-0829) में पिथौरागढ़ से रसैपाटा के आस-पास के गांव के आठ लोग सवार थे। यह जीप भौड़ी के पास एक मोड़ पर अनियंत्रित होकर बीस मीटर गहरी खाई में गिर गई। दुर्घटना में रसैपाटा क्षेत्र के पंगरौली गांव निवासी लीला देवी (60) पत्नी गोविंद राम की जिला अस्पताल लाते समय रास्ते में मौत हो गई, जबकि दुर्घटना में गुबरौली निवासी अनिल भट्ट (38), पंगरौली निवासी मुकेश (14), मोडी निवासी दिनेश कुमार (18), भैंस्यूड़ी निवासी लक्ष्मी देवी (55), खनपर निवासी दीपक तिवारी (21) और गुबरौली निवासी गिरीश चंद (45) घायल हो गए। इसी जीप में भैंस्यूड़ी निवासी फौजी राकेश भट्ट भी सवार थे। उनको मामूली चोट आई। उन्होंने घायलों को खाई से सड़क तक पहुंचाने में मदद की। वह मौके से ही अपने घर को रवाना हो गए। राजस्व पुलिस ने बताया कि चालक धुरौली निवासी भरत सिंह दुर्घटना के तुरंत बाद मौके से फरार हो गया। राजस्व उपनिरीक्षक ऋषेंद्र सामंत, यशवंत थापा, शंकर कापड़ी, जीवन पुनेठा आदि ने दुर्घटनास्थल पर पहुंचकर तत्काल राहत कार्य शुरू कर दिया। जानकारी मिलते ही क्षेत्र के लोग बड़ी संख्या में जिला अस्पताल पहुंचे। यात्रियों का सामान खाई में बिखर गया था, जिसे राजस्व पुलिस ने संभाल कर रख दिया है।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें