अस्कोट पुलिस की गिरफ्त में हरियाणा के शराब तस्कर
- फोटो : अमर उजाला
अस्कोट पुलिस ने हरियाणा के दो तस्करों से 240 बोतल हरियाणा में बनी शराब बरामद की है। शराब बगैर नंबर की हुंडई कार से जौलजीबी की ओर ले जाई जा रही थी। कार में आरोपियों के साथ दो युवतियां भी थीं, जिन्होंने वाहन में शराब होने की जानकारी नहीं होने की बात कही। दोनों युवतियों को पुलिस ने सरकारी गवाह बनाया है। इससे पहले पुलिस ने अक्तूबर में पिथौरागढ़ और कुछ दिन पहले बेड़ीनाग में हरियाणा की शराब पकड़ी थी।
पुलिस ने ओगला चौकी में चेकिंग के दौरान एक बगैर नंबर की कार की तलाशी ली। शराब से 240 बोतल शराब बरामद हुई। कार में संदीप निवासी पालवा थाना उवाना जिला जींद हरियाणा, राजेश सिंह ग्राम खपरवा थाना उवाना जिला जींद हरियाणा के अलावा बागपत उत्तर प्रदेश और सोनीपत हरियाणा की दो युवतियां भी सवार थीं। पुलिस के अनुसार युवतियों ने बताया कि दोनों लड़के उन्हें पहाड़ घुमाने के लिए लाए थे। वह चारों दोस्त हैं। उनको वाहन में शराब होने की बात पता नहीं थी।
पुलिस ने दोनों आरोपियों को आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज गिरफ्तार कर लिया। साथ ही कार को सीज कर दिया है। बताया गया कि आरोपियों ने शराब जौलजीबी में किसी को बेचने के लिए ले जाने की बात कबूली है। शराब पकड़ने वाले दल में थानाध्यक्ष मोहम्मद आसिफ खान, कांस्टेबल संजीत राणा, पंकज कुमार, मुकेश नाथ, दरवान सिंह नेगी, दीपा वर्ती, प्रियंका शामिल थे।