किराएदारों का सत्यापन न कराने वाले तीन मकान मालिकों का पुलिस ने धारा 83 के अंतर्गत चालान कर दिया। तीनों पर पांच पांच हजार रुपये का जुर्माना लगाया गया है। पुलिस ने बाहरी प्रदेशों तथा जिलों से यहां काम के लिए आने वाले लोगों का अनिवार्य रूप से सत्यापन का अभियान चला रखा है। पिछले दिनों कई लोगों को कोतवाली में बुलाकर सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की गई। इसके बावजूद कई लोगों का सत्यापन नहीं हो पाया है। अब पुलिस ने इसके लिए मकान मालिकों को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके खिलाफ भी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक रोशन लाल शर्मा के निर्देश पर पुलिस उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट ने यहां जाजरदेवल, चंद्रभागा और लिंक रोड में तीन मकानों की चेकिंग की। इन मकानों में बड़ी संख्या में बाहरी जिलों और प्रदेशों के लोग किराए पर रह रहे हैं, लेकिन किसी ने भी सत्यापन नहीं कराया है। तीनों मकान मालिकों का पांच-पांच हजार रुपये का चालान काटा गया है। अभी यह अभियान जारी रहेगा और यदि किसी मकान मालिक ने अपने मकान में रहने वाले किराएदार का सत्यापन नहीं होगा तो उसे जुर्माना भरना पड़ेगा।
इधर, पुलिस ने मुख्य बाजार में रास्तों और सड़कों पर अतिक्रमण करने वाले 42 लोगों का चालान कर दिया है। उपनिरीक्षक दीपक बिष्ट ने बताया कि सड़क को घेरकर सामान फैलाने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।