सर्व शिक्षा अभियान के जिला परियोजना कार्यालय (डीपीईपी) के समन्वयक गणेश राम (50) का शव बुधवार शाम रहस्यमय ढंग से ऐंचोली के पास सिद्धबाबा मंदिर से बरामद हुआ है। बताया गया कि समन्वयक गणेश राम बुधवार सुबह नौ बजे आफिस जाने की बात कहकर घर से निकले थे। मूल रूप से जाखपुरान के लोदियागैर निवासी गणेश राम का परिवार पुलिस लाइन में बनाए गए मकान में रहता है।
कोतवाल ध्यान सिंह ने बताया बुधवार दोपहर बाद कुछ लोग सिद्धबाबा मंदिर से पानी लाने के लिए गए थे, तभी उनको शव दिखाई दिया। पुलिस को इसकी सूचना दी। कोतवाल ने बताया कि शव के पास जहर की गोलियां और शराब की बोतल मिली। इससे आशंका जताई जा रही है कि संभवत: समन्वयक ने जहर खाकर जान दी होगी।
उधर, शिक्षा विभाग के कर्मचारियों का कहना है कि बुधवार को गणेश राम आफिस नहीं आए थे। उनके परिवार के लोग बार-बार उनके बारे में जानकारी हासिल करने के लिए आफिस में फोन कर रहे थे। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय ले आई है। शिक्षा विभाग के कई कर्मचारी घटना की जानकारी मिलते ही मोर्चरी पहुंच गए। कोतवाल ने बताया कि समन्वयक ने किन कारणों से यह कदम उठाया इसकी जांच की जा रही है।