लघुशंका के लिए पेशाबघर में गए केएनयू राजकीय इंटर कालेज के चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी को जेसीबी मशीन ने कुचल दिया। यह जेसीबी जीआईसी रोड में नालियों को चौड़ा करने के काम में लगी थी। पुलिस ने जेसीबी चालक को गिरफ्तार कर लिया। जेसीबी सीज कर दी है।
कोतवाल गणेश सिंह सामंत ने बताया कि जीआईसी में तैनात चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी नारायण सिंह सामंत (52) पुत्र चंद्र सिंह सामंत निवासी न्यू सेरा दोपहर करीब एक बजे अपने साथी लक्ष्मण सिंह के साथ विद्यालय से घर को लौट रहे थे। इसी बीच नारायण सिंह को लघुशंका आने लगी और वह डिग्री कालेज डाकघर के पास बने पेशाबघर में गए ही थे कि उसी स्थान पर नाली चौड़ा कर रही जेसीबी ने मय पेशाबघर के नारायण सिंह को चपेट में ले लिया। जेसीबी की चपेट में आने से वह गंभीर रूप से घायल हो गए। उनको लोगों ने तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया जहां डाक्टरों ने उनको मृत घोषित कर दिया। मृतक के बेटे पंकज सामंत की रिपोर्ट पर पुलिस ने जेसीबी चालक कवींद्र भट्ट निवासी बडोली को धारा 279, 304 ए में गिरफ्तार कर लिया है और जेसीबी सीज कर दी है। इस घटना पर चतुर्थ वर्गीय कर्मचारी संघ ने गहरा आक्रोश और दुख जताया है। संगठन के जिलाध्यक्ष आरडी पुनेठा ने मृतक के परिजनों को पर्याप्त मुआवजा देने और जेसीबी चालक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।