टनकपुर-पिथौरागढ़ एनएच पर गुरना के पास बृहस्पतिवार को एक कैंटर और बाइक में जोरदार भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में बाइक सवार एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया।
पुलिस ने कैंटर को सीज कर दिया है और चालक के खिलाफ लापरवाही से वाहन चलाने का मुकदमा दर्ज कर लिया है। बाइक चला रहे युवक ने हेलमेट पहना था।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार तोली निवासी नीरज मेहता (22) पुत्र मनोहर सिंह मेहता बृहस्पतिवार सुबह अपने दोस्त रोहित बिष्ट के साथ गुरना मंदिर से पिथौरागढ़ को आ रहे थे। तभी गुरना मंदिर से एक किलोमीटर आगे एक मोड़ पर सामने से आ रहे कैंटर से उनकी मोटरसाइकिल की भिड़ंत हो गई।
टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि नीरज ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। गंभीर रूप से घायल रोहित को जिला अस्पताल लाया गया है। कोतवाली पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते कैंटर चालक हरीश सिंह को गिरफ्तार कर लिया और कैंटर सीज कर दिया।
बताया गया है कि नीरज पिथौरागढ़ कॉलेज से बीए द्वितीय वर्ष की प्राइवेट तौर पर पढ़ाई कर रहा था और अपने परिवार का इकलौता था। उसके पिता की कुछ वर्ष पहले मौत हुई थी। उसके घर पर अब सिर्फ विधवा मां रह गई है।