झूलाघाट बाजार में बृहस्पतिवार रात डीडीहाट के विधायक प्रतिनिधि एवं व्यापार संघ अध्यक्ष और उनके साथी ने कस्बे के ही एक व्यापारी से उनके घर में घुसकर मारपीट करने के साथ ही गालीगलौज की और जान से मारने की धमकी दी। दोनों पक्षों की ओर से लिखाई गई रिपोर्ट के आधार पर पुलिस ने व्यापार संघ अध्यक्ष संजीव जोशी, उनके साथी भीम सिंह गोबाड़ी और दूसरे पक्ष के व्यापारी नवीन भट्ट को गिरफ्तार कर लिया।
थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार दो नवंबर की रात झूलाघाट व्यापार संघ अध्यक्ष एवं विधायक प्रतिनिधि संजीव जोशी और भीम सिंह गोबाड़ी का व्यापारी नवीन भट्ट के साथ किसी बात को लेकर विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर संजीव जोशी एवं भीम सिंह रात में नवीन भट्ट के घर में घुसे और मारपीट कर दी। रात में ही दोनों पक्षों ने थाने में तहरीर दी।
थाना प्रभारी तारा सिंह राणा ने बताया कि पुलिस ने संजीव जोशी और भीम सिंह गोबाड़ी के खिलाफ धारा 323, 500, 506, 341, 452 आईपीसी के तहत और नवीन भट्ट के खिलाफ 323, 504, 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर तीनों को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस के अनुसार दोनों पक्षों ने एक-दूसरे के खिलाफ रिपोर्ट लिखाई थी।
युवाओं और व्यापारियों ने भाजपा का पुतला फूंका
व्यापारी के साथ हुई मारपीट के विरोध में युवक मंगल दल के पदाधिकारियों और व्यापारियों ने भाजपा का पुतला फूंका। आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े कुछ लोग झूलाघाट का माहौल खराब करने में लगे हैं। संजीव जोशी डीडीहाट के भाजपा विधायक के प्रतिनिधि हैं। मांग की कि मारपीट के आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए और बिना कारण गिरफ्तार किए गए नवीन भट्ट को रिहा किया जाए। ऐसा न होने पर जिला मुख्यालय में प्रदर्शन किया जाएगा। पुतला फूंकने वालों में मुकेश वर्मा, दिवाकर भट्ट, रोहित भट्ट, हिमांशु भट्ट, करन राम, गोल्डी भट्ट, ललित चंद, मदन राम आदि शामिल थे।