झूलाघाट (पिथौरागढ़)। भारत-नेपाल सीमा पर एसएसबी जवानों ने बीड़ी तस्करी पकड़ी है। बुधवार देर रात गश्त कर रहे जवानों को देखकर तस्कर बीड़ी की पेटियां छोड़कर भाग खड़े हुए। एसएसबी ने बरामद बीड़ी कस्टम विभाग को सौंप दी है।
बुधवार रात एसएसबी 55वी वाहिनी के जवान कानड़ी क्षेत्र में महाकाली नदी के किनारे गश्त कर रहे थे। रात एक बजे जवानों को नदी किनारे कुछ गतिविधियों की भनक लगी। इसके बाद जवानों ने मौके पर छापा मारा। दो लोग नदी किनारे ट्यूब के सहारे सीमा पार करने की फिराक में थे।
जवानों को देखकर वह पांच पेटियां छोड़कर भाग खड़े हुए। इन पेटियों में बीड़ी भरी थी। टीम में उपनिरीक्षक हीरा लाल, हेड कांस्टेबल पूरन सिंह दुग्ताल, कांस्टेबल विशाल कुमार, विजय कुमार, अनुतोष मंडल थे। कस्टम अधीक्षक ओपी शर्मा ने बताया कि बीड़ी को जब्त कर दिया है।
तस्करी का गढ़ बना कानड़ी गांव
महाकाली नदी के किनारे बसा कानड़ी गांव दोनों देशों के तस्करों के लिए तस्करी का गढ़ बन गया है। यहां की परिस्थितियां तस्करी के लिए मुफीद हैं। ज्यादा निगरानी न होने, नदी का बहाव कम होने आदि कारणों से आसानी से तस्करी होती है। रात में ट्यूब के सहारे विभिन्न उत्पादों की तस्करी होती है। नेपाल से भारत की ओर रोज भारी मात्रा में प्रतिबंधित खुकरी सिगरेट लाई जाती है, जबकि भारत से नेपाल में बीड़ी तस्करी की जाती है। इसके साथ ही टायर, पेट्रोल, डीजल की भी नेपाल की ओर तस्करी की जाती है।