झूलाघाट (पिथौरागढ़)। असामाजिक तत्वों ने बृहस्पतिवार शाम राजकीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बड़ालू के मुख्य भवन का ताला तोड़ दिया। हालांकि अस्पताल से कोई भी सामान चोरी नहीं हुआ है। पुलिस ने अस्पताल का मुआयना कर जांच शुरू कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार पीएससी बड़ालू में बृहस्पतिवार शाम को किसी समय अराजक तत्वों ने अस्पताल के मुख्य भवन का ताला तोड़ दिया। शाम के समय ड्यूटी में तैनात कर्मचारी ने अस्पताल के मुख्य भवन का ताला टूटे देखा। तत्काल इसकी सूचना अस्पताल के अधिकारियों को दी।
अधिकारियों की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मौका मुआयना किया। थानाध्यक्ष महेश चंद्र ने बताया क्षेत्र के लोगों के अनुसार ताला तोड़ने की घटना को कुछ शरारती तत्वों ने अंजाम दिया होगा। कुछ लोगों से पूछताछ की जा रही है। क्षेत्र के लोगों ने अस्पताल का ताला तोड़ने वाले शरारती तत्वों का पता लगाकर उनके खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।