गणाईगंगोली (पिथौरागढ़)। रविवार को घर से किसी काम के लिए निकले बुजुर्ग का शव ढिगालगांव के गधेरे में पड़ा मिला है। पुलिस ने पंचनामा भरकर शव परिजनों को सौंप दिया है।
टुपरौली (रुगड़ी) निवासी संतोष कुमार ने बताया कि उसके पिता मोहन राम (65) रविवार सुबह 8 बजे घर से सिमल्ता के लिए गए थे। रात तक घर न लौटने पर उनकी खोजबीन की, उनका कोई पता नहीं चला। संतोष सोमवार सुबह गुमशुदगी की रिपोर्ट लिखवाने के लिए तहसील कार्यालय पहुंचे तो उन्हें ढिगालगांव में किसी बुजुर्ग का शव पड़ा होने की सूचना मिली।
संतोष राजस्व कर्मियों के साथ मौके पर पहुंचे तो शव उसके पिता का निकला। शव पर किसी प्रकार के चोट के निशान नहीं थे। परिजनों ने मौत पर किसी प्रकार का संदेह प्रकट नहीं किया है। किसी प्रकार की कार्रवाई से मना कर दिया। अंदेशा लगाया जा रहा है कि गिरने से मोहन राम की मौत हो सकती है। राजस्व निरीक्षक रमेश गिरी, उप निरीक्षक मोहन चंद्र जोशी, राजस्व उप निरीक्षक मदन मोहन जोशी, सुरेंद्र कांबोज की मौजूदगी में मृतक का पंचनामा भरा गया।