धारचूला (पिथौरागढ़)। नगर में सोमवार की शाम सिरफिरे किस्म के एक युवक ने तीन लोगों पर चाकू से हमला कर जख्मी कर दिया। इस वारदात से इलाके में सनसनी फैल गई। हमले के बाद युवक फरार हो गया। पुलिस ने उसको पकड़ने के लिए तीन टीमें बनाई है, लेकिन आरोपी देर रात तक दबोचा नहीं जा सका था। चाकू के हमले में घायल तीनों लोगों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भर्ती किया गया है। इनमें से एक की हालत गंभीर बनी हुई है।
थाना प्रभारी ध्यान सिंह ने बताया कि रमतोली निवासी प्रीतम सिंह नाम का युवक सोमवार शाम करीब 7.30 बजे मुख्य बाजार में राहुल कुटियाल की दुकान में गया था। और वहां से उसने एक मोबाइल सैट चुरा लिया। चोरी करते हुए उसे दुकानदार ने देख लिया तथा उसे पकड़ लिया। इतने में प्रीतम सिंह ने अपनी जेब से चाकू निकाल कर दुकानदार राहुल के बाह और गर्दन में प्रहार कर दिया। उसके बाद प्रीतम ने हाथ में चाकू लेकर मुख्य बाजार की तरफ दौड़ लगा दी। उससे रास्ते में रोडवेज का परिचालक धर्मेंद्र जोशी मिल गया। प्रीतम ने धर्मेंद्र की पेट में भी चाकू मार दिया।
उसके बाद वह कुछ आगे बढ़ा, तभी उसे रास्ते में नाई मोहम्मद राशिद मिल गया और उसके दाहिने हाथ में भी चाकू से हमला कर दिया। इन तीन घटनाओं को अंजाम देने के बाद प्रीतम फरार हो गया। लोगों ने उसकी तलाशी के लिए काफी दूर तक पीछा भी किया और घायलों को अस्पताल पहुंचाया। वारदात की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी ध्यान सिंह दलबल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने आरोपी को पकड़ने के लिए तीन टीमों को शहर के विभिन्न हिस्सों में भेज दिया। प्रभारी के अनुसार यह युवक आपराधिक प्रवृत्ति का रहा है। इससे पूर्व भी वह इस तरह की घटनाओं को अंजाम दे चुका है। पुलिस का कहना है कि आरोपी को शीघ्र दबोच लिया जाएगा। हमले में घायल रोडवेज परिचालक की हालत गंभीर बनी हुई है। अस्पताल के प्रभारी एमएस जायसवाल ने बताया कि तीनों घायलों के शरीर से काफी खून बह चुका है।