अमर उजाला ब्यूरो
फतेहाबाद।
बीघड़ रोड पर पायनियर स्कूल के पास हरनाम सिंह कॉलोनी के एक मकान में इन्वर्टर की बैटरी फट गई। बैटरी फटने से जोरदार धमाका हुआ। इसके चलते परिजनों के अलावा कॉलोनी के लोगों में हड़कंप मच गया। धमाके की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। धमाका इतना तेज था कि कमरे में रखा सामान बिखर गया और दरवाजा तक टूट गया। वहीं पुलिस सूत्रों की मानें तो इन्वर्टर में ब्लास्ट की वजह कोई सामने नहीं आई है। हालांकि जांच टीम को वहां पर पोटाश का कुछ अंश मिला है।
हरनाम सिंह कॉलोनी निवासी महावीर जांगड़ा किसी काम से परिवार सहित दूसरे कमरे में बैठे हुए थे। महावीर ने बताया कि करीब शाम साढ़े छह बजे घर के दूसरे कमरे में धमाका हुआ। धमाका इतना जबरदस्त था कि महावीर जमीन पर गिर पड़े। कमरे के बाहर निकले तो देखा कि सारा सामान बिखरा पड़ा था। दरवाजे और खिड़कियां भी टूटी गईं थी। दीवारों में भी दरारें आ गईं थी। कमरे में देखा तो इन्वर्टर फटा हुआ था। इसी बीच कॉलोनी के लोग भी घर से बाहर निकल आए और सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड और एंबुलेंस मौके पर पहुंची। इसके बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच किया। पुलिस सूत्रों की मानें तो इन्वर्टर की बैटरी ब्लास्ट होने के पीछे के कारणों का खुलासा तो नहीं हो पाया है, लेकिन जांच टीम को वहां पर पोटाश के कुछ अंश मिले हैं। आशंका जताई जा रही है कि दीवाली के मद्देनजर घर में इन्वर्टर की बैटरी के ऊपर किसी ने पोटाश रख दिया होगा और बैटरी की गर्मी के चलते पोटाश ब्लास्ट हो गया। इसी वजह से ही इतना जोरदार धमाका हुआ।
16एफटीबीपी22-23-24 : फतेहाबाद की हरनाम सिंह कालोनी में बैटरी ब्लास्ट के चलते टूटा हुआ घरेलु सामान ।