बेड़ीनाग (पिथौरागढ़)। बेड़ीनाग के ब्याती गांव निवासी महिला और नवजात की मौत दम घुटने से हुई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण दम घुटना बताया गया है। इस मामले में प्रशासन ने मृतका के मायके वालों को बेड़ीनाग तहसील में बुलाया है। इसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।
ब्याती गांव निवासी लक्ष्मण सिंह की पत्नी दीपा देवी ने जिला महिला अस्पताल में ऑपरेशन से एक बच्ची को जन्म दिया था। इसके बाद परिजन उन्हें घर ले गए थे। नामकरण की तैयारी चल रही थी। इसी बीच 9वें दिन बुधवार को दोनों घर के भीतर मृत मिले। संदिग्ध परिस्थितियों में मौत होने पर राजस्व पुलिस ने महिला और उसके नवजात के शवों का पोस्टमार्टम कराया था।
इस मामले में दीपा के भाई गंगोलीहाट के डूनी निवासी प्रकाश सिंह ने बहन के ससुरालियों के खिलाफ राजस्व पुलिस में तहरीर दी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत का कारण दम घुटना बताया गया है। शुक्रवार को एसडीएम तुषार सैनी ने महिला की मौत दम घुटने से होने की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतका के मायके वालों को बुलाया गया है। शनिवार को परिजनों ने तहसील आने की बात कही है। उसके बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।