पिथौरागढ़। ईदगाह गधेरे में नौ जनवरी को मिले युवक के शव के मामले में परिजन पुलिस से मिले। मृतक की मां, पत्नी और अन्य परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए पुलिस से जांच करने की की मांग उठाई है। पुलिस ने पीड़ित परिवार को हर संभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
जिला मुख्यालय के पियाना निवासी विमल प्रसाद 31 दिसंबर को दोस्तों के साथ नए साल का जश्न मनाने गया था। दोस्तों ने उसे रात में उसके घर के पास सड़क पर छोड़ दिया था। विमल अपने घर नहीं पहुंचा। परिजनों ने पुलिस में उसकी गुमशुदगी का मामला दर्ज कराया था। नौ जनवरी को उसकी लाश ईदगाह के पास गधेरे में मिली। आशंका जताई जा रही है कि विमल घर जाते वक्त गधेरे में गिर गया होगा। इस मामले में सोमवार को मृतक विमल की पत्नी पूजा, मां ममता देवी, सास शकुंतला देवी और भाई रवि उसके तीन माह के बच्चे को लेकर पुलिस उपाधीक्षक राजेंद्र सिंह रौतेला से मिले।
मां और सास ने कहा कि विमल की हत्या की गई है। वह उसके छोटे बच्चे को लेकर कहां जाएं। सीओ रौतेला ने परिजनों को समझाने की हर संभव कोशिश की। उन्होंने बताया कि मामले में सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट भी हत्या की ओर इशारा नहीं कर रही है। फिर भी पुलिस मामले की हर कोण से जांच कर रही है। परिजनों ने पुलिस से न्याय की गुहार लगाई।