पिथौरागढ़। टकाना क्षेत्र में एक युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। युवक का शव घर के एक कमरे में मिला। उसके मुंह से झाग निकल रहा था। पुलिस घटना की जांच कर रही है। बुधवार दोपहर टकाना निवासी खुशाल सिंह (26) पुत्र किशोरी लाल ने काफी देर तक अपने कमरे का दरवाजा नहीं खोला। इस पर परिजनों को संदेह हुआ।
दरवाजा अंदर से बंद था और कोई हरकत नहीं हो रही थी। इसके बाद दरवाजा तोड़ा गया। खुशाल सिंह बिस्तर पर पड़ा था और मुंह से झाग निकल रहा था। परिजन उसे अस्पताल ले गए, जहां चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने बताया कि घटना की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद मौत की वजह सामने आएगी।